ओलावृष्टि से फसलें प्रभावित: भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सैंधव ने राहत की मांग करते हुए मुख्यमंत्री को लिखा पत्र

देवास (दिनेश सांखला) अचानक हुई ओलावृष्टि और तेज हवाओं ने सोनकच्छ, हाटपीपल्या और बागली विधानसभा क्षेत्रों के कई गांवों में गेहूं और चने की खड़ी फसलें प्रभावित हुई।
इस प्राकृतिक आपदा से किसानों की पीड़ा को देखते हुए भाजपा जिलाध्यक्ष रायसिंह सैंधव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को पत्र लिखकर शीघ्र राहत दिलाने की भावनात्मक मांग की है।
पत्र में भाजपा जिलाध्यक्ष सैंधव ने उल्लेख किया है कि हाल ही में जिले के विभिन्न हिस्सों में अचानक मौसम बदला, जिससे तेज बारिश, ओले और हवा के कारण खेतों में फसलें प्रभावित हुई। इससे किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया और उनके सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है।
उन्होंने मुख्यमंत्री को किसान हितेषी बताते हुए आग्रह किया कि प्रभावित क्षेत्रों में संबंधित विभाग के अधिकारियों से तत्काल फसल क्षति का आकलन करवाया जाए और शीघ्र पंचनामा तैयार किया जाए, ताकि किसानों को शासन की आपदा राहत योजना के अंतर्गत समय पर उचित मुआवजा मिल सके।
साथ ही उन्होंने यह भी मांग की कि जिन किसानों ने फसल बीमा करवाया है, उन्हें फसल बीमा योजना का लाभ दिलाया जाए, जिससे वे इस प्राकृतिक आपदा से उबर सकें और आगामी कृषि कार्यों के लिए आत्मनिर्भर बन सकें।
भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि किसान प्रदेश की अर्थव्यवस्था की रीढ़ हैं और संकट की इस घड़ी में शासन की त्वरित सहायता ही उनके संबल बन सकती है। उन्होंने विश्वास जताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव किसानों की पीड़ा को समझते हुए शीघ्र ठोस कदम उठाएंगे ।




