तेज रफ़्तार आयशर की टक्कर से बाइक सवार बुजुर्ग की मौत

भौंरासा (मनोज शुक्ला)। नेवरी फाटा पुलिस चौकी के सामने सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार बुजुर्ग की जान चली गई। तेज रफ़्तार आयशर वाहन की टक्कर से गंभीर रूप से घायल बुजुर्ग को एंबुलेंस से देवास रेफर किया गया था, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही उन्होंने दम तोड़ दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा सुबह करीब 9 बजे हुआ। धारूखेड़ी (बरोठा) निवासी 70 वर्षीय भेरूसिंह नागर बाइक से जा रहे थे, तभी नेवरी फाटा के पास तेज गति से आ रहे आयशर वाहन ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बुजुर्ग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
मौके पर मौजूद लोगों ने तत्काल एंबुलेंस बुलाकर उन्हें जिला अस्पताल देवास भेजा, लेकिन उपचार से पहले ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों का कहना है कि आयशर वाहन अत्यधिक तेज रफ्तार में था, जिसके कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और यह हादसा हुआ। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि देवास-भोपाल कॉरिडोर पर कुछ माह पूर्व जो गतिरोधक बनाए गए थे, वे उखड़ गए, जिससे वाहन चालक बिना किसी रोक-टोक के तेज रफ्तार से गुजर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी स्थान पर महज पांच मिनट के भीतर दो अलग-अलग सड़क दुर्घटनाएं हो चुकी थीं, जिससे सड़क सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। चौकी प्रभारी ने आयशर वाहन को जब्त कर थाने में खड़ा करवा दिया है। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।




