नगर निगम

लक्ष्य अधूरे रहने पर आयुक्त सख्त, लापरवाही पर अधिकारियों को लगाई फटकार

Share

 

देवास। नगर निगम की समीक्षा बैठक में आयुक्त दलीप कुमार ने विभागीय कार्यों में सुस्ती और समय-सीमा का पालन नहीं होने पर अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाई। उन्होंने स्पष्ट कहा कि तय लक्ष्यों को समय पर पूरा नहीं किया गया तो संबंधित अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

नगर निगम द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान आयुक्त दलीप कुमार ने अवैध नल कनेक्शनों को वैध करने के लक्ष्य में अपेक्षित प्रगति नहीं होने पर उपयंत्रियों को फटकार लगाई। साथ ही प्रभारी स्वच्छता निरीक्षक द्वारा सिवरेज कनेक्शन के साप्ताहिक लक्ष्य को समय पर पूरा नहीं किया तो सूचना पत्र जारी कर कार्रवाई की चेतावनी दी। बैठक में विद्युत विभाग के एल.टी. व एच.टी. प्लांटों तथा बोरवेल मोटरों की दक्षता पर चर्चा करते हुए आयुक्त ने उपयंत्री से कार्य प्रगति की नियमित रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

स्वनिधि योजना में तेजी लाने के निर्देश-
स्वनिधि से समृद्धि योजना के लक्ष्यों को एक सप्ताह में पूरा नहीं करने पर अधिकारी विशाल जगताप को चेतावनी देते हुए आयुक्त ने प्रगति लाने को कहा। उन्होंने हितग्राहियों को क्रेडिट कार्ड उपलब्ध कराने की प्रक्रिया तेज करने के निर्देश भी दिए।

स्वच्छता व्यवस्था पर सख्ती-
मेंढकी क्षेत्र के वार्ड में कचरा प्वाइंट मिलने और पूर्व में दिए गए निर्देशों का पालन नहीं होने पर प्रभारी स्वास्थ्य निरीक्षक भूषण पवार को फटकार लगाई गई। स्वास्थ्य अधिकारी जितेंद्र सिसोदिया को वार्डों पर विशेष फोकस रखने और प्रतिदिन सफाई मित्रों की उपस्थिति जांचकर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए।

उपायुक्त करेंगे सुबह निरीक्षण-
स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए चारों उपायुक्तों को प्रतिदिन सुबह वार्डों का भ्रमण कर कार्यों का निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए। वहीं सिवरेज कनेक्शन में लक्ष्य से पीछे रहने पर प्र. स्वच्छता निरीक्षक विजय सांगते को कारण बताओ नोटिस जारी किया तथा सभी एसआई को एक सप्ताह में सुधार कर लक्ष्य पूर्ति की चेतावनी दी।

एनयूएलएम योजना के तहत लंबित आवेदनों की जांच के लिए उपायुक्त जाकिर जाफरी को जिम्मेदारी सौंपी गई, जबकि स्थापना शाखा उपायुक्त को सेवानिवृत्ति से पहले पेंशन प्रकरणों की फाइलें तैयार कर समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए।

आवारा मवेशियों और निर्माण सामग्री पर कार्रवाई-
आयुक्त ने आवारा मवेशियों को पकड़कर गौशाला भेजने तथा आवारा श्वानों को ट्रेंचिंग ग्राउंड भेजकर एबीसी कराने के निर्देश दिए। साथ ही सार्वजनिक स्थानों, चौराहों और सड़कों पर पड़ी निर्माण सामग्री को तत्काल हटवाने और नहीं हटाने पर कार्रवाई करने को कहा।

निर्माण कार्यों की समीक्षा, बकाया वसूली पर जोर-
एमजी रोड पर चल रहे नाला निर्माण कार्य की प्रगति बढ़ाने के निर्देश दिए गए। 1 जनवरी से जारी भवन निर्माण स्वीकृतियों की जांच कर निर्माण को एमओएस के अनुरूप सुनिश्चित करने को कहा गया।

आयुक्त ने सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का समय पर निराकरण करने और कम्पाउंडिंग की कार्रवाई पर विशेष फोकस रखने के निर्देश दिए। अमृत 2.0 योजना के तहत डाली जा रही पाइपलाइन से दिए जाने वाले नल कनेक्शनों की बकाया राशि अनिवार्य रूप से वसूलने पर भी जोर दिया।

Back to top button