समाधान बिजली योजना में 5.27 लाख बकायादारों ने लिया 21.25 करोड़ की रियायत का लाभ, 31 तक सर्वाधिक सरचार्ज छूट लेने का मौका

इंदौर। ऊर्जा विभाग की महत्वपूर्ण समाधान योजना 2025-26 के प्रभावी क्रियान्वयन उपरांत पश्चिम मध्य प्रदेश में अब तक करीब पांच लाख 27 हजार बकायादार बिजली उपभोक्ता लाभान्वित हुए हैं, इन उपभोक्ताओं को करीब 21.25 करोड़ रूपए से ज्यादा की रियायत दी गई है।
सर्वाधिक सरचार्ज माफी की अंतिम तिथि 31 जनवरी तय है। अब तक विद्युत वितरण कंपनी को करीब 130 करोड़ रूपए का राजस्व मिला है। योजना का सबसे अधिक इंदौर जिले के 61 हजार से अधिक उपभोक्ताओं ने लाभ लिया है। अधिकारिक जानकारी के अनुसार कंपनी स्तर पर एक मुश्त बकाया राशि जमा करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या करीब 2 लाख 68 हजार रही, इनकी पात्रतानुसार शत प्रतिशत सरचार्ज माफ किया गया, इन उपभोक्ताओं से बकाया बिजली बिल की मूल राशि ही जमा कराई गई। वहीं किश्तों में राशि जमा करने का विकल्प चय़न करने वाले उपभोक्ताओं की संख्या 2 लाख 59 हजार से अधिक दर्ज की गई।
कंपनी प्रबंधन ने बताया कि समाधान योजना में तीन माह के बिजली बकायादार शामिल होकर लाभ उठा सकते हैं, पात्रतानुसार एक मुश्त बकाया बिल जमा करने पर पूरा सरचार्ज माफ होगा, किश्तों में बकाया राशि जमा करने पर सरचार्ज 90 प्रतिशत तक माफ कराया जा सकेगा। सर्वाधिक सरचार्ज माफी पाने का मौका सिर्फ 31 जनवरी तक रहेगा।


