खंडवा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल से भाजपा नेता सुनील पुरोहित ने की क्षेत्रीय समस्याओं पर चर्चा

देवास। क्षेत्र की जन समस्याओं को लेकर खंडवा लोकसभा सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल से भाजपा नेता सुनील पुरोहित ने सौजन्य मुलाकात कर बिंदुवार चर्चा की। इस दौरान क्षेत्र में लंबे समय से लंबित समस्याओं को विस्तार से रखते हुए उनके शीघ्र निराकरण की मांग की गई।
भाजपा नेता सुनील पुरोहित ने सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल को क्षेत्र से जुड़ी विभिन्न जनहित समस्याओं से अवगत कराया। चर्चा के दौरान क्षेत्र के अवल्दा-अवल्दी चारिया मार्ग एनएच के पुल-पुलिया की चौड़ाई एवं ऊंचाई, तीसी पुलिया भमोरी बायपास सहित अन्य स्थानीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाया गया। सांसद पाटिल ने कई मामलों को गंभीरता से लेते हुए तत्काल संबंधित अधिकारियों से फोन पर चर्चा कर आवश्यक निर्देश दिए और शीघ्र समाधान का भरोसा दिलाया।
सांसद ने यह भी कहा कि जिन विषयों का समाधान केंद्र स्तर पर आवश्यक है, उन्हें दिल्ली में संबंधित विभागों के मंत्रियों से चर्चा कर हल कराने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने आश्वस्त किया कि क्षेत्र की समस्याओं के निराकरण के लिए वे हर संभव प्रयास करेंगे।
बैठक के दौरान भाजपा नेता टिकेंद्र सिंह, ललित यादव एवं यश सैनी भी उपस्थित रहे। इस अवसर पर सभी भाजपा नेताओं ने सांसद ज्ञानेश्वर पाटिल को उनके जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए स्वस्थ एवं सफल कार्यकाल की कामना की।




