कुबेरेश्वर धाम रूद्राक्ष महोत्सव के दौरान श्रद्धालुओं के लिए ऑटो का किराया निर्धारित

सीहोर। कुबेरेश्वर धाम पर 14 से 20 फरवरी तक रूद्राक्ष महोत्सव एवं शिवमहापुराण कथा का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें लाखों श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। इसके दृष्टिगत कलेक्टर बालागुरु के. के निर्देशानुसार कुबेरेश्वर धाम के लिए ऑटो रिक्शा का किराया भी निर्धारित किया गया है।
जिसमें सीहोर रेलवे स्टेशन से कुबेरेश्वर धाम 30 रुपये प्रति सवारी और सीहोर बस स्टैंड से कुबेरेश्वर धाम 25 रुपये प्रति सवारी निर्धारित है। कलेक्टर ने निर्देश दिए हैं कि श्रद्धालुओं से निर्धारित किराये से अधिक किराया न लिया जाए। इसके साथ ही सभी ड्रायवर के आई-कार्ड अथवा वैच धारण करें ताकि पहचान सुनिश्चित रह सकें। उन्होंने निर्देश दिए है कि सभी ऑटो वाहन क्षमता से अधिक यात्री ना बैठाये तथा गति सीमा एवं यातायात नियमों का पालन करें, ताकि आयोजन में यातायात बाधित ना हों।
जिला परिवहन अधिकारी रीतेश तिवारी ने निर्देश दिए हैं कि सभी वाहनों के फिटनेस परमिट की वैधता जांच की जाए और बगैर फिटनेस एवं परमिट वाहनों का संचालन ना किया जाये। सभी बसें जो कुबेरेश्वर धाम पर यात्रियों को लाने व ले जाने के लिए संचालित की जाएंगी, उनमें स्पष्ट रूप से बैनर लगाया जाए।




