महारानी चिमनाबाई कन्या उमावि में करियर निर्माण की दिशा में प्रेरणादायी पहल

करियर मेले के तीसरे दिन डिप्टी कलेक्टर ऋतु रायपुरिया ने छात्राओं को शासकीय सेवाओं का दिखाया मार्ग
देवास। महारानी चिमनाबाई कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में आयोजित पांच दिवसीय करियर मेला एवं करियर काउंसलिंग कार्यक्रम विद्यार्थियों के भविष्य निर्माण में मील का पत्थर साबित हो रहा है।
इसी क्रम में तृतीय दिवस शासकीय सेवाओं एवं उच्च शिक्षा के अवसरों को समर्पित रहा, जिसमें डिप्टी कलेक्टर सुश्री ऋतु रायपुरिया ने छात्राओं का मार्गदर्शन कर उन्हें प्रशासनिक सेवाओं की तैयारी के लिए प्रेरित किया।

डिप्टी कलेक्टर सुश्री रायपुरिया ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि दृढ़ संकल्प, निरंतर कठिन परिश्रम और प्रारंभ से सुनियोजित अध्ययन के माध्यम से किसी भी शासकीय सेवा के लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। उन्होंने प्रशासनिक सेवाओं में चयन प्रक्रिया, लिखित परीक्षाएं, साक्षात्कार की तैयारी, व्यावसायिक परीक्षा मंडल (व्यापम), बोर्ड परीक्षाएं तथा कर्मचारी चयन मंडल की विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की विस्तृत जानकारी दी।
उन्होंने छात्राओं को आत्मविश्वास के साथ लक्ष्य निर्धारित करने, समय प्रबंधन करने और नियमित अध्ययन की आदत विकसित करने पर विशेष बल दिया। साथ ही यह भी बताया कि वर्तमान समय में शासकीय सेवाओं के साथ-साथ उच्च शिक्षा के क्षेत्र में भी अनेक अवसर उपलब्ध हैं। कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने खुलकर अपने प्रश्न पूछे, जिनका उत्तर देकर डिप्टी कलेक्टर ने उनकी जिज्ञासाओं का समाधान किया। संवादात्मक शैली में हुए इस सत्र से छात्राएं काफी प्रेरित और उत्साहित नजर आईं।
इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य राजू सातपुते ने अतिथि का स्वागत करते हुए करियर मेले की उपयोगिता पर प्रकाश डाला। करियर मेला नोडल शिक्षक वेदना चौधरी, प्रभारी अर्चना डोडवे सहित शिक्षकगण दीपाली मिरजकर, नीलम पटेरिया, कविता रघुवंशी, हितेंद्र यादव, दीपक यादव, मनीष तेजवानी एवं कार्यक्रम संचालनकर्ता प्रमोद पांडे सहित अन्य शिक्षक उपस्थित रहे।




