गंदगी के बीच बेकरी प्रोडक्ट बनते पाए जाने पर फैक्ट्री में खाद्य कारोबार कराया बंद
इंदौर में जिला प्रशासन की बड़ी कार्रवाई

इंदौर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा हाल ही में इंदौर में फूड एंड ड्रग लैब के उद्घाटन अवसर पर मिलावटखोरों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे। उन्हीं निर्देशों के अनुपालन में कलेक्टर शिवम वर्मा के निर्देशन में एसडीएम बिचौली हप्सी अजय भूषण शुक्ला के मार्गदर्शन में गठित दल द्वारा ग्राम कैलोद करताल में स्थित ओमकार केक एवं बेकर पर कार्रवाई की गई।
जिला प्रशासन को सूचना मिली थी कि ग्राम कैलोद करताल में एक बेकरी अवैध रूप से संचालित हो रही है। एसडीएम अजय भूषण शुक्ला के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा प्रतिष्ठान का औचक निरीक्षण किया गया। मौके पर नरेश कुमार गोपलानी उपस्थित पाए गए, जो की प्रतिष्ठान का संचालन कर रहे थे। प्रतिष्ठान में विभिन्न बेकरी उत्पादों का निर्माण किया जा रहा था। प्रतिष्ठान संचालक द्वारा खाद्य पदार्थ निर्माण का कोई भी वैध लाइसेंस प्रस्तुत नहीं किया गया। परिसर में अस्वच्छ परिस्थितियों में खाद्य पदार्थों का निर्माण एवं भंडारण किया जाना पाया गया। परिसर में निर्माण किये जा रहे खाद्य पदार्थ केक, बिस्किट, पेस्ट्री तथा खाद्य पदार्थों के निर्माण में प्रयुक्त होने वाले मूंगफली दाना, मैदा, शक्कर एवं तिल्ली के नमूने जांच हेतु लिए गए हैं।
नमूना कार्रवाई उपरांत केक, बिस्किट को जब्त किया गया तथा ख़राब होने वाले खाद्य पदार्थो का विनष्टिकरण प्रतिष्ठान संचालक के हस्ते सहमति से करवाया गया। परिसर का वैध लाइसेंस नहीं होने तथा अस्वच्छ परिस्थितियों के कारण प्रतिष्ठान में खाद्य कारोबार तुरंत प्रभाव से बंद कराया गया।
मांगलिया में हुई नमूना कार्यवाही- अनुविभागीय अधिकारी सांवेर श्री धनगर द्वारा गठित दल में तहसीलदार राजेश सोनी एवं खाद्य सुरक्षा अधिकारी के दल द्वारा मांगलिया स्थित विभिन्न खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया गया। दल द्वारा महाकाल रेस्टोरेंट से मावा कतली एवं कलाकंद के सैंपल लिए गये। इसके अतिरिक्त दल द्वारा एक अन्य संस्थान सांई स्वीट एंड एवर फ्रेश मांगलिया से मीठा मावा, मिल्क केक एवं छेना रसगुल्ला के नमूने जाँच हेतु लिए गए। दोनों संस्थानों पर साफ सफाई रखने के निर्देश दिए गए।
शीत ऋतु के दृष्टिगत चिक्की का नमूना लिया- टीम द्वारा छत्रीबाग स्थित मुरैना की शाही गजक से दाना पट्टी का नमूना लिया गया।
उपभोक्ताओं की शिकायतों का भी निराकरण- 311 ऐप के माध्यम से प्राप्त शिकायत पर दिल्ली दरबार रेस्टोरेंट, मनोरमागंज, इंदौर का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान प्रभारी विक्रेता मोहम्मद रिज़वान के समक्ष तैयार चिकन बिरयानी एवं हल्दी पाउडर के नमूने लिए गए। प्रतिष्ठान में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए तथा परिसर का पेस्ट कंट्रोल प्रमाण-पत्र एवं कर्मचारियों के मेडिकल प्रमाण-पत्र प्रस्तुत करने के निर्देश प्रदान किए गए।
कलेक्टर के निर्देशन में हेल्पलाइन नंबर 0731-181 पर प्राप्त पहली शिकायत के संबंध में शिकायतकर्ता सुरेश डाबोर को मौके पर बुलाया गया। शिकायतकर्ता द्वारा जांच हेतु लाए गए मसालों की प्राथमिक जांच एमएफटीएल (MFTL) द्वारा की गई, जिस पर शिकायतकर्ता द्वारा संतुष्टि व्यक्त की गई।
कलेक्टर श्री वर्मा ने बताया कि नागरिकों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराना प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। लिए गए सभी नमूनों को विस्तृत जाँच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल की ओर भेजा जा रहा है, जिनकी विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्ति उपरांत अग्रिम वैधानिक कार्यवाही की जायेगी।




