महाशिवरात्रि पर टोंकखुर्द-टोंककला क्षेत्र हुआ शिवमय

– शिवालयों में हुआ रुद्राभिषेक, जगह-जगह खिचड़ी का हुआ वितरण
टोंकखुर्द (नन्नु पटेल)। क्षेत्र के जनेश्वर, चिड़ावद, टोंककला और भेरवाखेड़ी में धार्मिक आयोजनों की धूम रही। प्राचीन मंदिरों में विशेष श्रृंगार, रुद्राभिषेक, मेले और खिचड़ी-दूध वितरण के कार्यक्रमों में दूर-दूर से श्रद्धालु शामिल हुए। पूरे दिन “हर-हर महादेव” के जयघोष के साथ आस्था और सेवा का अनूठा संगम देखने को मिला।
जनेश्वर में मेले का आयोजन-
टोंकखुर्द से करीब 5 किमी दूर जनेश्वर में मेले का आयोजन हुआ। श्रद्धालुओं ने जनेश्वर महादेव के दर्शन कर मंदिर परिसर स्थित पवित्र कुंड में स्नान किया। मान्यता है कि यहां स्थापित शिवलिंग की स्थापना पांडवों द्वारा की गई थी, जिससे यह मंदिर अत्यंत प्राचीन और श्रद्धा का प्रमुख केंद्र माना जाता है। भक्तों का विश्वास है कि यहां सच्चे मन से मांगी गई मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं।

चिड़ावद में सेवा कार्यों की श्रृंखला-
चिड़ावद स्थित जिग्नेश्वर महादेव मंदिर में विशेष श्रृंगार कर खिचड़ी वितरण किया गया। पुरानी बस स्टैंड पर श्री महाकाल सेवा समिति द्वारा भी श्रद्धालुओं को खिचड़ी प्रसाद वितरित किया गया। इसी क्रम में ऋणमुक्तेश्वर महादेव मंदिर पर विशेष सजावट के साथ प्रसाद वितरण हुआ। प्राचीन महादेव मंदिर में महाकाल ग्रुप द्वारा खिचड़ी, दूध और भांग का वितरण किया गया। दिनभर मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ उमड़ी रही।
टोंककला में भक्ति का उत्साह-
टोंककला के लोधेश्वर महादेव मंदिर में लोधी ग्रुप एवं मित्र मंडल के तत्वावधान में खिचड़ी व फल वितरण किया गया। हनुमान गड़ी वाले महादेव मंदिर में विशेष श्रृंगार कर प्रसाद वितरण किया गया। साथ ही झनेश्वर महादेव प्राचीन मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना कर भक्तों को प्रसाद वितरित किया गया।

पिपलेश्वर और भेरवाखेड़ी में रुद्राभिषेक-
टोंकखुर्द के पिपलेश्वर महादेव मंदिर में सेवा समिति द्वारा खिचड़ी एवं दूध वितरण किया गया। ग्राम भेरवाखेड़ी स्थित नीलकंठ महादेव मंदिर में विधिवत रुद्राभिषेक पाठ कर प्रसाद वितरण किया गया। विभिन्न समितियों और सामाजिक संगठनों द्वारा किए गए सेवा कार्यों ने धार्मिक उत्साह के साथ सामाजिक एकजुटता का संदेश भी दिया। पूरे क्षेत्र में दिनभर श्रद्धालुओं की आवाजाही बनी रही और वातावरण शिवमय हो उठा।




