महाशिवरात्रि पर उमड़ा आस्था का सैलाब

– बिजेश्वर महादेव में एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने किए दर्शन
सुंद्रेल-बिजवाड़ (दिनेशचंद्र पंचोली)। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर प्राचीन बिजेश्वर महादेव मंदिर में आस्था का अद्भुत जनसैलाब उमड़ पड़ा। एक लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान शिव के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। देर रात तक मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्र में भक्तों की लंबी कतारें लगी रहीं, जो लगभग एक किलोमीटर तक फैली थीं।
महाशिवरात्रि के दिन सुबह से ही श्रद्धालुओं का आगमन शुरू हो गया था। भक्तों ने बिल्वपत्र अर्पित कर भगवान शंकर का जल, दूध और भांग से अभिषेक किया। कई श्रद्धालु पैदल यात्रा कर मंदिर पहुंचे और विधि-विधान से पूजा-अर्चना की। बिजवाड़ और सुंद्रेल सहित आसपास के शिवालयों में भी पूरे दिन दर्शनार्थियों की भारी भीड़ रही।
श्री गोविंद सेवा संस्थान के संयोजक राजेंद्र कुमार पंचोली के नेतृत्व में 17 क्विंटल खिचड़ी प्रसाद का वितरण किया गया। हजारों भक्तों ने प्रसादी ग्रहण की। वहीं जय श्री गणेश मित्र मंडल सुंद्रेल के सदस्यों ने पूरे समय सेवा कार्यों में सहयोग दिया।

पूर्व सरपंच विक्रमसिंह गौड़ ने सपत्नीक 151 लीटर दूध और भांग से भगवान बिजेश्वर महादेव का विशेष अभिषेक किया। इस दौरान शिव बारात भी बड़े उत्साह और भक्ति भाव के साथ निकाली गई, जिसमें ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

सुंद्रेल स्थित सुंद्रेश्वर महादेव मंदिर और नर्मदेश्वर महादेव मंदिर में भी फलाहार, खिचड़ी और दूध-भांग की प्रसादी वितरित की गई। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने तुलादान कर मनोकामनाएं मांगीं। मेले में बच्चों और युवाओं ने झूलों व दुकानों का आनंद लिया। दूर-दराज से आए व्यापारियों ने मेले में अच्छी बिक्री की। विधायक आशीष शर्मा ने भी बिजेश्वर महादेव के दर्शन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि की कामना की और प्रसाद वितरण में भाग लिया।

व्यवस्था की दृष्टि से बिजवाड़ पुलिस चौकी प्रभारी अजय सिंह डोड और काटाफोड़ थाना पुलिस ने आधा किलोमीटर पहले से ही वाहनों को रोककर सुचारू यातायात सुनिश्चित किया। सरपंच संतोष धाकड़, उप सरपंच प्रमोद व्यास एवं मेला समिति अध्यक्ष विक्रमसिंह गौड़ सहित कई जनप्रतिनिधियों ने श्रद्धालुओं का स्वागत कर व्यवस्थाओं की कमान संभाली। पूरे आयोजन में श्रद्धा, सेवा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला।




