महाशिवरात्रि पर शिव मंदिरों में लगा भक्तों का तांता

– हर हर महादेव के जयकारों से गूंजे शिवालय, नृसिंह मोहल्ले में शिव मंदिर में शिखर प्रतिष्ठा हुआ
बेहरी (हीरालाल गोस्वामी)। महाशिवरात्रि पर शिवालयों में सुबह से लेकर रात तक शिवभक्तों का तांता लगा रहा। भक्तों ने भांग, धतुरा, बिल्वपत्र, आंकड़ा अर्पित कर भोलेनाथ से सुख-समृद्धि के लिए मंगल कामना की।
ॐ नम: शिवाय, हर-हर महादेव के जयकारों से वातावरण गूंजता रहा। गांव में जगह-जगह शिवभक्ति से ओतप्रोत भजन सुनाई देते रहे। भगवान भोलेनाथ को प्रसन्न करने के लिए भक्तों ने उपवास किया। नृसिंह मोहल्ले में भोलेनाथ मंदिर में शिखर प्रतिष्ठा हुई।
खेड़ापति हनुमान मंदिर, राधाकृष्ण मंदिर के शिवालयों में सुबह से ही पूजा-पाठ के लिए भक्तों की कतारें लगी रहीं। सभी शिव मंदिरों में हर-हर महादेव के जयकारे गूंजे। कहीं दूध से जलाभिषेक किया गया तो कहीं पर भांग और धतूरे का भोग भगवान भोलेनाथ को लगाया।

मनकामेश्वर भोमियाजी हनुमान मंदिर में बड़ी संख्या में भक्त पहुंचे। शिवभक्ति में भक्त लीन दिखे। जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का ध्यान लगाया। विधि-विधान के साथ भोमियाजी मंदिर में सुबह 4 बजे पूर्व सरपंच रामचंद्र दांगी व सेवानिवृत्त फौजी जय गोस्वामी ने सहपरिवार विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर रुद्राभिषेक किया। श्रद्धालुओं ने जटाशंकर महादेव मंदिर में केसर दूध का वितरण किया।




