शिवरात्रि पर टोंकखुर्द हुआ शिवमय, मंदिरों में दिनभर लगा रहा श्रद्धालुओं का तांता

कलश यात्रा, रुद्राभिषेक व महाप्रसादी वितरण के हुए आयोजन
टोंकखुर्द (विजेंद्रसिंह ठाकुर)। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर नगर पूरी तरह शिवभक्ति में सराबोर नजर आया। दिनभर विभिन्न मंदिरों में पूजा-अर्चना, अभिषेक, कलश स्थापना और प्रसादी वितरण के कार्यक्रम आयोजित किए गए। श्रद्धालुओं की निरंतर आवाजाही से वातावरण भक्तिमय बना रहा और पूरा क्षेत्र ‘हर-हर महादेव’ के जयघोष से गूंज उठा।
वार्ड क्रमांक 13 स्थित भीमाशंकर महादेव मंदिर में पार्षद प्रतिनिधि जीवन प्रजापति के मार्गदर्शन में विधिवत कलश स्थापना की गई। महादेव मंदिर एवं खेड़ापति मंदिर में विशेष अभिषेक के साथ महाप्रसादी के रूप में खिचड़ी का वितरण किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

मातृशक्ति ने निकाली भव्य कलश यात्रा
कार्यक्रम की शुरुआत वार्ड की मातृशक्ति द्वारा निकाली गई कलश यात्रा से हुई। श्री सिद्धिविनायक मंदिर से प्रारंभ हुई यह यात्रा भीमाशंकर महादेव मंदिर पहुंची, जहां हवन-पूजन के साथ कलश स्थापना संपन्न हुई। इस अवसर पर पत्रकार विजेंद्रसिंह ठाकुर, सचिन सिंह (बंटी) कुशवाह, जीवन प्रजापति, विश्वनाथ कस्तूरे, कमल किशोर वर्मा, दीपक वर्मा, अमर सोनी एवं आकाश कुशवाह सहित अन्य श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति देकर पुण्य लाभ अर्जित किया।
अन्य मंदिरों में भी हुए आयोजन
नगर के पिपलेश्वर महादेव, भवानी शंकर, विद्युतेश्वर महादेव एवं विघ्नहर्णेश्वर महादेव मंदिरों में भी विभिन्न समितियों द्वारा खिचड़ी एवं दूध वितरण किया गया। ग्राम बरदू स्थित अचलेश्वर महादेव मंदिर में विधिवत रुद्राभिषेक पाठ कर प्रसाद वितरण किया गया।
महाशिवरात्रि पर दिनभर नगर का वातावरण शिवमय बना रहा और श्रद्धालु भक्ति भाव से भगवान शिव की आराधना में लीन रहे।




