प्रोसेसिंग प्लांट यूनिट एवं प्रमुख स्थानों की सफाई व्यवस्था का आयुक्त ने किया निरीक्षण

देवास। नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार ने गुरुवार प्रातः शहर की सफाई व्यवस्था को कसावट देने के उद्देश्य से विभिन्न वार्डों एवं प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया।
सुबह 7 बजे से 10 बजे तक लगातार तीन घंटे चले इस निरीक्षण में उन्होंने न केवल सड़कों और वार्डों की सफाई व्यवस्था देखी, बल्कि ट्रेंचिंग ग्राउंड स्थित प्रोसेसिंग प्लांट यूनिट का भी जायजा लिया।
आयुक्त ने प्रोसेसिंग प्लांट में गीले और सूखे कचरे के पृथक्कीकरण कार्य की जानकारी ली और व्यवस्था को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए। इस दौरान निगम उपायुक्त जाकिर जाफरी और स्वास्थ्य अधिकारी जितेन्द्र सिसोदिया भी उनके साथ मौजूद रहे।
प्रमुख मार्गों पर गंदगी मिलने से नाराजगी
निरीक्षण के दौरान जब आयुक्त एमजी रोड पहुंचे तो यहां सफाई कार्य अव्यवस्थित पाया गया। उन्होंने इस पर नाराजगी जताते हुए निगम उपायुक्त व स्वास्थ्य अधिकारी को समयानुसार सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के सख्त निर्देश दिए।
इसी क्रम में वार्ड 37 स्थित जनता बैंक चौराहे एवं पुराने मार्केट के पीछे कचरा प्वाइंट बनने की शिकायत मिली। आयुक्त ने मौके पर ही इस अस्थायी कचरा प्वाइंट को तत्काल समाप्त करने के निर्देश दिए।
वार्डों में मिली गंदगी
वार्ड 38 के सुपर मार्केट क्षेत्र और वार्ड 33 के एरिना रोड पर भी कचरा पाया गया। आयुक्त ने तत्काल कचरा उठाने और नियमित सफाई सुनिश्चित करने के आदेश दिए।
इसी प्रकार वार्ड 30 गजरा गियर्स चौराहे पर निजी प्लॉट में कचरा मिलने पर भी संबंधित अधिकारियों को सफाई कराने और ऐसी स्थिति दोबारा न बनने देने के लिए सख्त निर्देश दिए।
अधिकारियों को चेतावनी
निरीक्षण के दौरान आयुक्त ने सभी दरोगाओं और स्वच्छता निरीक्षकों को सख्त चेतावनी दी कि शहर में किसी भी स्थान पर कचरा प्वाइंट न बनने पाए। उन्होंने कहा कि निर्धारित समय पर सफाई कार्य अनिवार्य रूप से होना चाहिए।
चालानी कार्रवाई
आयुक्त के निर्देश पर निगम स्वच्छता निरीक्षक भूषण पवार ने जुडियो सर्विस रोड, होंडा शोरूम के सामने तथा एबी रोड स्थित कर्णावत पान की दुकान के मालिक द्वारा सड़क पर कचरा फेंकने पर 500 और 2,000 रुपये के चालान काटे।
वहीं, निगम दरोगा अबरार पठान की टीम ने एबी रोड पर अस्थायी अतिक्रमण हटाते हुए 1,000 रुपये का स्पॉट फाइन किया।




