धर्म-अध्यात्म

महाशिवरात्रि: नवदुर्गा महिला मित्र मंडली ने निभाई हल्दी-मेहंदी की परंपरा

Share

पुंजापुरा। वन विभाग स्थित शिव मंदिर में महाशिवरात्रि पर्व को लेकर श्रद्धा और उत्साह का वातावरण बना हुआ है। मंदिर परिसर में नवदुर्गा महिला मित्र मंडली द्वारा पिछले दो दिनों से विशेष पूजा-पाठ और धार्मिक अनुष्ठान किए जा रहे हैं।

कार्यक्रम के पहले दिन भगवान शिव को हल्दी अर्पित की गई। इस अवसर पर पंडित बनवारीलाल शर्मा ने हल्दी के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि हल्दी सौभाग्य, शुद्धता और मंगल का प्रतीक है। द्वितीय दिवस शनिवार को मंदिर में मेहंदी की रस्में श्रद्धापूर्वक संपन्न की गईं। महिलाओं ने भगवान शिव को मेहंदी अर्पित कर पूजा-अर्चना की तथा एक-दूसरे को भी मेहंदी लगाकर उत्सव का आनंद लिया। इसके पश्चात भगवान को प्रसाद अर्पित कर श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरण किया गया।

शिव बारात की तैयारी प्रारंभ-
मंडली की ओर से बताया गया कि महाशिवरात्रि पर प्रतिवर्ष की भांति इस वर्ष भी शिव बारात निकाली जाएगी। इसकी तैयारियां प्रारंभ कर दी गई हैं। महिलाओं में इस आयोजन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

इस अवसर पर सुधासिंह चंदेल, शोभा शर्मा, ममता पवार, लक्ष्मी हनवाल, रजनी राजपूत, उषा पाटीदार, ममता कर्मा, भगवती सोलंकी, रानू चौहान, निर्मला गेहलोत, उषा जोशी, प्रमिला चौहान सहित बड़ी संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।

Back to top button