शहर की सुंदरता में बाधक बने फ्लेक्स और बैनर्स हटाए

नगर निगम की गैंग ने की बड़ी कार्रवाई, 500 से अधिक पोस्टर्स निकाले
देवास। नगर निगम आयुक्त दलीप कुमार के निर्देश पर गुरुवार को शहर की सुंदरता बिगाड़ रहे पोस्टर्स, फ्लेक्स और बैनर्स को हटाने की विशेष कार्रवाई की गई। नगर निगम की टीम ने अलग-अलग इलाकों में अभियान चलाकर अवैध रूप से लगे करीब 500 छोटे-बड़े फ्लेक्स और बैनर्स हटाए।
नगर निगम स्वच्छता निरीक्षक हेमंत उबनारे ने बताया कि अभियान के तहत प्रमुख मार्गों पर लगे विज्ञापन सामग्री को हटाया गया। इनमें उज्जैन रोड पेट्रोल पंप चौराहे से लेकर उज्जैन रोड ब्रिज तक और रामनगर फ्लाईओवर ब्रिज, एबी रोड से कलेक्टर कार्यालय तक का क्षेत्र शामिल रहा। इसके अलावा भोपाल बायपास मार्ग पर भी कई जगह से पोस्टर्स और बैनर्स निकाले गए।

शहर की छवि सुधारने की पहल-
नगर निगम अधिकारियों का कहना है कि इस तरह के फ्लेक्स और बैनर्स न केवल शहर की सुंदरता को खराब करते हैं बल्कि यातायात व्यवस्था में भी बाधा उत्पन्न करते हैं। आयुक्त दलीप कुमार ने स्पष्ट कहा है कि शहर को स्वच्छ और आकर्षक बनाए रखने के लिए अनधिकृत बैनर्स और पोस्टर्स किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे।
लगातार जारी रहेगा अभियान-
निगम की गैंग द्वारा की गई इस कार्यवाही के बाद चेतावनी दी गई है कि भविष्य में बिना अनुमति फ्लेक्स या बैनर लगाने वालों पर जुर्माना और सख्त कार्रवाई की जाएगी।




