प्रशासनिक

श्री लीला समारोह: कलाकारों ने श्री हनुमान लीला की प्रस्तुति दी

Share

– दूसरे दिन भक्तिमति शबरी लीला की प्रस्तुति होगी
देवास। मध्यप्रदेश शासन संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से सयाजी द्वार पर श्रीलीला समारोह का शुभारंभ श्री हनुमान लीला की प्रस्तुति से हुआ। आयोजन के पहले दिन रविवार की शाम को श्री राम कथा के विशिष्ट चरित्रों आधारित श्री हनुमान लीला की प्रस्तुति दी गई।
चंद्रमाधव बारीक के निर्देशन में श्री हनुमान लीला में भगवान हनुमान के जीवन के उपाख्यानों को 15 दृश्यों में प्रस्तुत किया गया। इस अवसर पर विधायक गायत्री राजे पवार, देवास विकास प्राधिकरण अध्यक्ष राजेश यादव, नगर निगम सभापति रवि जैन, महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल, राजीव खंडेलवाल, कलेक्टर ऋषव गुप्ता, सीईओ जिला पंचायत हिमांशु प्रजापति, एसडीएम बिहारी सिंह आदि उपस्थित थे। बड़ी संख्या में देवास के धर्मप्रेमी नागरिकों ने इस “श्री लीला समारोह” का आनंद लिया।


देवास में सयाजी द्वार पर आयोजित तीन दिवसीय श्री लीला समारोह में दूसरे दिन सोमवार को शाम 7 बजे से भक्तिमति शबरी लीला की प्रस्तुति श्री रूपकुमार बनवाले (बालाघाट) द्वारा दी जाएगी। आयोजन के तीसरे दिन मंगलवार को श्री आकाश बरवडे (बैतूल) द्वारा निषादराज गुह्य लीला की प्रस्तुति दी जाएगी।


उल्लेखनीय है कि मध्‍यप्रदेश शासन, संस्‍कृति विभाग द्वारा श्री राम कथा के चरित्रों पर आधारित भक्तिमति शबरी, निषादराज गुह्य और श्रीहनुमान लीलाएं विशेष रूप से परिकल्पित कर तैयार कराई गई है। अयोध्या में भगवान श्रीराम की प्राण प्रतिष्ठा से पूर्व इन लीलाओं का आयोजन कराया जा रहा है। संस्कृति विभाग एवं जिला प्रशासन के समन्‍वय से इन लीलाओं का आयोजन देवास में 16 जनवरी तक सयाजी द्वार चौराहे पर शाम 7 से 10 बजे तक किया जा रहा है। इसमें 35 कलाकारों द्वारा विभिन्न प्रकार से अलग-अलग रूप धारण कर लीलाओं का प्रदर्शन किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button