क्राइम

24 घंटे में अंधेकत्ल का पर्दाफाश: CCTV ने खोला राज, उधारी के 20 हजार बने मौत की वजह

Share

 

– पहचान छुपाने के लिए सिर कुचलकर की गई खौफनाक हत्या, आरोपी गिरफ्तार

देवास। जिले के खातेगांव में हुए एक सनसनीखेज अंधेकत्ल का पुलिस ने महज 24 घंटे में पर्दाफाश कर दिया। पहचान छुपाने के लिए सिर कुचलकर की गई इस खौफनाक हत्या की गुत्थी को सुलझाने में ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत लगे CCTV कैमरों ने अहम भूमिका निभाई। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

25 मार्च को खातेगांव निवासी रेहाना बी ने अपने पति हनीफ शाह के लापता होने की सूचना थाने में दी थी। हनीफ बाजार जाने की बात कहकर घर से निकले थे, लेकिन देर रात तक वापस नहीं लौटे। इसी दौरान सूचना मिली कि एक व्यक्ति का शव “चिमटा वाले बाबा” के रास्ते पर पड़ा है।

फरियादी समीर पिता बशीर शाह निवासी चूना भट्टी ने रिपोर्ट करवाई कि हनीफ की सिर पर पत्थर मारकर किसी ने हत्या कर दी। मृतक का सिर बुरी तरह पत्थर से कुचला गया था, जिससे उसकी पहचान छुपाने की कोशिश की गई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल हत्या का केस दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) सौम्या जैन और एसडीओपी आदित्य तिवारी के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी विजय सिंह लोधी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

CCTV बना सबसे बड़ा गवाह-
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल के आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। “ऑपरेशन त्रिनेत्रम” के तहत लगे कैमरों ने संदिग्ध की गतिविधियों को कैद कर लिया, जिससे पुलिस को बड़ा सुराग मिला।

मुखबिर और तकनीक से आरोपी तक पहुंची पुलिस-
CCTV फुटेज और मुखबिर की सूचना के आधार पर पुलिस ने संदेही सुनील पिता महेशचंद्र अग्रवाल (32) निवासी ग्राम अमेली थाना हरणगांव हाल मुकाम सुनील का ढाबा अजनास ब्रिज के पास खातेगांव को हिरासत में लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की वारदात कबूल कर ली।

कैसे दिया वारदात को अंजाम-
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी और मृतक के बीच पैसों का लेन-देन चल रहा था। आरोपी ने हनीफ को 50 हजार रुपये उधार दिए थे, जिसमें से 30 हजार वापस मिल चुके थे, लेकिन बाकी 20 हजार को लेकर विवाद बना हुआ था। इसी रंजिश के चलते आरोपी ने हनीफ को शराब पिलाने के बहाने सुनसान जगह पर ले जाकर पत्थर से सिर कुचलकर उसकी हत्या कर दी।

पुलिस की बड़ी सफलता-
सिर्फ 24 घंटे के भीतर अंधेकत्ल का खुलासा कर आरोपी को गिरफ्तार करना खातेगांव पुलिस के लिए बड़ी सफलता मानी जा रही है। इस पूरी कार्रवाई में थाना खातेगांव, कन्नौद, सतवास और साइबर सेल की टीम का सराहनीय योगदान रहा।

सराहनीय कार्य- कार्रवाई में निरीक्षक विजय सिंह लोधी, उप निरीक्षक राजेश बारेला, रमेश पचलानिया, राहुल रावत (थाना कन्नौद), सहायक उप निरीक्षक जगन्नाथ चावड़े,  प्रधान आरक्षक दुर्गेश विश्नोई, सुनील प्रजापत, रविन्द्र तोमर, रवि राव जाधव (थाना सतवास), आरक्षक सोहन जाट, भरत शर्मा, नितेश गौर, मनमोहन मीणा, गौरव तोमर, योगेन्द्र पटेल, सूरज चौहान, जयदेव (थाना सतवास), पायल कुंवर, खुशूब सिंह, बालकृष्ण छापे (थाना कन्नौद), सोनू, युवराज सायबर सेल, सैनिक अरविन्द, सैनिक मनीष बाथोले, सैनिक संदीप तोमर (थाना नेमावर) का सराहनीय योगदान रहा।

Back to top button