क्राइम

जज से अभद्रता करने वाला बीजेपी नेता गिरफ्तार, अतिक्रमण पर चला बुलडोजर

Share

 

देवास। जिला एवं अपर सत्र न्यायाधीश से बदसलूकी के मामले में पुलिस ने बीजेपी अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य पंकज घारू को बुधवार को गिरफ्तार कर लिया।

वहीं जिला प्रशासन ने आरोपी के शासकीय भूमि पर बने पोल्ट्री फार्म और घर के पास किए गए अवैध अतिक्रमण को भी ध्वस्त कर दिया। मामले में शामिल दो अन्य आरोपी फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, न्यायाधीश प्रसन्न बहरावत ने नाहर दरवाजा थाने में एफआईआर दर्ज कराते हुए बताया था कि जयश्री नगर क्षेत्र में सड़क पर खड़ी स्कॉर्पियो हटाने को लेकर पंकज घारू, भीम घारू और एक अन्य व्यक्ति ने उनसे अभद्र व्यवहार किया। आरोप है कि जब न्यायाधीश ने रास्ता खाली करने को कहा तो आरोपियों ने तेज आवाज में बात करते हुए बदतमीजी की।

बताया गया कि न्यायाधीश कार्रवाई के लिए स्कॉर्पियो की फोटो लेना चाहते थे, लेकिन आरोपियों ने उन्हें रोक दिया। इतना ही नहीं, जब वे अपनी कार से आगे बढ़ने लगे तो आरोपियों ने गाड़ी का गेट तक नहीं खोलने दिया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जो पूरे घटनाक्रम की पुष्टि करता है।

तहसीलदार सपना शर्मा ने बताया कि, घारू द्वारा सरकारी जमीन पर पोल्ट्री फार्म सहित अन्य निर्माण किए गए थे। प्रशासन की ओर से कई बार नोटिस जारी किए जाने के बावजूद अतिक्रमण नहीं हटाया गया, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण गिरा दिए गए।

नाहर दरवाजा थाना प्रभारी अमित सोलंकी ने बताया कि एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और फरार अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है।
इधर, जिला अभिभाषक संघ ने भी सख्त रुख अपनाते हुए आरोपी की पैरवी नहीं करने का ऐलान किया है। संघ के अध्यक्ष अशोक वर्मा ने बताया कि इस संबंध में सदस्यों के नाम पत्र जारी कर दिया गया है, जिसमें स्पष्ट किया गया है कि कोई भी वकील आरोपी का पक्ष नहीं लेगा।

Back to top button