क्राइम

घर के सामने खेल रहे 9 वर्षीय मासूम को इको वाहन ने रौंदा, मौके पर मौत

Share

 

पुंजापुरा (बाबू हनवाल)। शुक्रवार दोपहर एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे गांव को झकझोर दिया। स्कूल से घर लौटे तीसरी कक्षा के 9 वर्षीय बालक की घर के सामने खेलते समय इको वाहन की टक्कर से मौत हो गई।

जानकारी के अनुसार क्षेत्र के पाजरिया गांव में शुक्रवार दोपहर करीब 1:30 बजे एक हृदयविदारक हादसा हो गया। सुरेन्द्र पिता केशरसिंह, उम्र 9 वर्ष, कक्षा तीसरी का छात्र, स्कूल से घर लौटने के बाद घर के सामने गिट्टी के ढेर पर खेल रहा था। इसी दौरान बागली से पुंजापुरा की ओर आ रहा इको वाहन (क्रमांक एमपी 09 डब्ल्यूसी 1290) अनियंत्रित होकर बालक को टक्कर मार गया।

प्रत्यक्षदर्शी अर्जुन के अनुसार वाहन चालक प्रवीण पुत्र भगीरथ, निवासी तेजाजी नगर खंडवा रोड इंदौर, बाइक के सीट कवर बेचने के लिए पुंजापुरा आ रहा था। अचानक वाहन का संतुलन बिगड़ गया और वह पहले एक नीम के पेड़ से टकराया, फिर पानी का नल तोड़ते हुए सीधे वहां खेल रहे मासूम सुरेन्द्र को अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर इतनी भीषण थी कि बालक के सिर में गंभीर चोट आई और उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और परिजनों में कोहराम छा गया। घटना की सूचना राहगीरों ने डायल 112 पर दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए बागली शासकीय अस्पताल भिजवाया। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है।

Back to top button