शराब के नशे में घर में घुसकर मारपीट व अवैध वसूली का प्रयास, तीन बदमाश गिरफ्तार

बरोठा पुलिस की त्वरित कार्रवाई, विशेष टीम बनाकर आरोपियों को भेजा जेल
सिरोल्या (अमर चौधरी)। जिले में दबंगाई कर अवैध वसूली करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। शराब के नशे में फरियादी के घर पहुंचकर मारपीट करने और पैसों की मांग करने वाले तीन शातिर बदमाशों को बरोठा पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक एचएन बाथम एवं उप पुलिस अधीक्षक (एल/आर) संजय शर्मा ने थाना प्रभारी बरोठा निरीक्षक सवितासिंह जाटव को आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए थे।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 25 फरवरी को मुकेश पिता तुलसीराम चौधरी ने थाना बरोठा में रिपोर्ट दर्ज कराई कि 24 फरवरी की रात करीब 11 बजे ग्राम बालोदा निवासी नितिन पटेल, दीपक चौधरी और विष्णु गांगुली उनके घर पहुंचे। तीनों आरोपी शराब के नशे में थे और पैसों की मांग करने लगे। मना करने पर आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए फरियादी पर जानलेवा हमला कर दिया।

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने अपराध पंजीबद्ध कर विशेष टीम गठित की। मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। विधिवत कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय में पेश किया गया, जहां से जेल भेजने की कार्रवाई की गई।
कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक सवितासिंह जाटव के नेतृत्व में सहायक उप निरीक्षक ईश्वर मण्डलोई, सहायक उप निरीक्षक हरीश कुमार, प्रधान आरक्षक दयाराम, प्रधान आरक्षक इस्माईल, आरक्षक विजेन्द्र सिसौदिया, आरक्षक अजय, सैनिक शेखर, सैनिक संजीव पटेल एवं सैनिक मुकेश पटेल की सराहनीय भूमिका रही।




