स्पोर्टस

बांग्लादेश ने पहले वनडे में पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया, शर्मनाक हार पर भड़के क्रिकेट यूट्यूबर

Share

 

स्पोर्ट्स डेस्क: ढाका में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में बांग्लादेश ने पाकिस्तान को एकतरफा अंदाज में 8 विकेट से हरा दिया। पाकिस्तान की बल्लेबाजी पूरी तरह लड़खड़ा गई और टीम सिर्फ 114 रन पर सिमट गई। इस हार के बाद सोशल मीडिया पर क्रिकेट को कवर करने वाले कई यूट्यूबरों ने पाकिस्तान टीम के प्रदर्शन पर कड़ी नाराजगी जताई है।

मैच में पाकिस्तान की टीम पहले बल्लेबाजी करते हुए 30.4 ओवर में मात्र 114 रन पर ऑलआउट हो गई। बांग्लादेश की ओर से नाहिद राणा ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट हासिल किए और पाकिस्तान की बल्लेबाजी की कमर तोड़ दी। इसके अलावा मेहदी हसन मिराज ने भी तीन विकेट लेकर टीम को बड़ा फायदा पहुंचाया।

पाकिस्तान की ओर से फहीम अशरफ ने सबसे ज्यादा 37 रन बनाए, जबकि बाकी बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज पर टिक नहीं सके। ओपनर साहिबजादा फरहान और माज़ सदाकत ने कुछ देर तक संभलकर शुरुआत की, लेकिन इसके बाद लगातार विकेट गिरते रहे और पूरी टीम सस्ते में सिमट गई।

115 रन के आसान लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की टीम ने 15.1 ओवर में 2 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। तंजीद हसन तमीम 67 रन बनाकर नाबाद रहे और उन्होंने नजमुल हुसैन शांतो (27) के साथ मिलकर टीम को जीत तक पहुंचाया। पाकिस्तान की ओर से एकमात्र शुरुआती सफलता शाहीन शाह अफरीदी ने दिलाई।

पाकिस्तान टीम का हालिया प्रदर्शन लगातार सवालों के घेरे में है। इससे पहले टी20 विश्व कप में भी टीम का प्रदर्शन काफी कमजोर रहा था और अब बांग्लादेश के खिलाफ वनडे में भी वही स्थिति देखने को मिली।
इस हार के बाद सोशल मीडिया पर क्रिकेट को कवर करने वाले कई यूट्यूबरों ने पाकिस्तान टीम पर तीखी प्रतिक्रिया दी है। कुछ यूट्यूबरों ने इसे शर्मनाक हार बताते हुए टीम के प्रदर्शन पर सवाल उठाए, जबकि एक यूट्यूबर ने तो नाराजगी जाहिर करते हुए खिलाड़ियों को क्रिकेट छोड़ने तक की सलाह दे डाली।

क्रिकेट विशेषज्ञों का मानना है कि पाकिस्तान टीम को अपनी बल्लेबाजी और रणनीति दोनों पर गंभीरता से काम करने की जरूरत है, अन्यथा आने वाले मैचों में भी इसी तरह की स्थिति देखने को मिल सकती है।

Back to top button