स्पोर्टस

Tata ipl 2026: बीसीसीआई ने पहले चरण का कार्यक्रम घोषित किया, 28 मार्च से होगी शुरुआत

Share

 

स्पोर्ट्स डेस्क: भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने टाटा इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के पहले चरण का कार्यक्रम जारी कर दिया है। टूर्नामेंट का पहला मुकाबला 28 मार्च को खेला जाएगा, जबकि पहला चरण 12 अप्रैल तक चलेगा।

क्रिकेट प्रशासक संस्था बीसीसीआई ने आईपीएल के आगामी सीजन के शुरुआती चरण का कार्यक्रम सार्वजनिक किया है। यह चरण 28 मार्च से 12 अप्रैल 2026 तक आयोजित होगा। इस अवधि में तीन राज्यों में विधानसभा चुनाव प्रस्तावित होने के कारण पूरे टूर्नामेंट का विस्तृत कार्यक्रम बाद में जारी किया जाएगा।

टूर्नामेंट के 19वें सीजन का उद्घाटन मैच गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा।

पहले चरण में कुल 20 मुकाबले देश के 10 शहरों में आयोजित किए जाएंगे। इनमें बेंगलुरु, मुंबई, गुवाहाटी, न्यू चंडीगढ़, लखनऊ, कोलकाता, चेन्नई, दिल्ली, अहमदाबाद और हैदराबाद शामिल हैं। इस चरण में चार डबल-हेडर मैच भी रखे गए हैं। दोपहर के मुकाबले भारतीय समयानुसार 3:30 बजे से शुरू होंगे, जबकि शाम के मैच 7:30 बजे खेले जाएंगे। उद्घाटन मैच के अगले दिन रविवार को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स आमने-सामने होंगी।

सीजन का पहला डबल-हेडर 4 अप्रैल को खेला जाएगा। इसमें दोपहर के मैच में दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के बीच मुकाबला होगा, जबकि शाम को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में गुजरात टाइटंस और राजस्थान रॉयल्स की टीमें भिड़ेंगी। राजस्थान रॉयल्स अपने घरेलू अभियान की शुरुआत गुवाहाटी से करेगी, जहां वह चेन्नई सुपर किंग्स और मुंबई इंडियंस के खिलाफ मुकाबले खेलेगी। पंजाब किंग्स अपने शुरुआती घरेलू मैच न्यू चंडीगढ़ के पीसीए स्टेडियम में खेलेगी।

Tata ipl

घरेलू मुकाबलों की बात करें तो रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु अपने पांच मैच बेंगलुरु में खेलेगी, जबकि दो मुकाबले रायपुर में आयोजित किए जाएंगे। पंजाब किंग्स न्यू चंडीगढ़ में चार और धर्मशाला में तीन घरेलू मैच खेलेगी। वहीं राजस्थान रॉयल्स गुवाहाटी में तीन और जयपुर में चार मैच खेलेगी।

नोट:
बेंगलुरु में प्रस्तावित मैच कर्नाटक सरकार की विशेषज्ञ समिति की अनुमति के बाद ही आयोजित होंगे। समिति 13 मार्च 2026 को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम का निरीक्षण कर मैच दिवस की व्यवस्थाओं का मॉक प्रदर्शन देखेगी, ताकि स्टेडियम की तैयारियों का आकलन किया जा सके।

Back to top button