परिवहन विभाग ने 12 वाहनों पर पीयूसी एवं परमिट शर्तों के उल्लंघन पर 66 हजार 500 का लगाया जुर्माना

देवास। कलेक्टर ऋतुराज सिंह के निर्देशानुसार जिले में परिवहन विभाग द्वारा लगातार जांच अभियान चलाकर कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में जिला परिवहन अधिकारी निशा चौहान ने दल के साथ देवास में यात्री बसों की विशेष जांच की गई, जिसमें विशेष रूप से बिना पीयूसी प्रमाण-पत्र के संचालित होने वाले वाहनों पर जुर्माना लगाया गया।
जिला परिवहन अधिकारी ने बताया कि 58 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 9 वाहनों का पीयूसी नहीं होने पर चालानी कार्यवाही करते हुए 45 हजार का जुर्माना अधिरोपित किया गया। साथ ही परमिट शर्तों का उल्लंघन करने वाले वाहनों से भी जुर्माना वसूल किया गया। कार्रवाई में कुल 12 वाहनों पर 66 हजार 500 रुपए का जुर्माना लगाया गया।
अभियान में निर्धारित दस्तावेजों जैसे परमिट, फिटनेस, पीयूसी, बीमा, लायसेंस की जांच करते हुए आवश्यक निर्धारित मापदण्ड अग्निशमन यंत्र, आपातकालीन द्वार, गति नियंत्रक यंत्र, फर्स्ट एड बॉक्स आदि की जांच भी की गई। जिला परिवहन अधिकारी ने समस्त वाहन चालकों को निर्देशित किया कि वे अपनी बसों का संचालन मार्ग पर नियंत्रित गति से करें, सवारी बैठाने की होड़ में किसी भी दशा में मार्ग पर रेसिंग नहीं करें। नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन एवं वाहन चालकों पर नियमानुसार दण्डात्मक कार्रवाई की जाएगी।





