खेत में लगी आग से 3 बीघा गेहूं का भूसा जलकर राख

देवास/बालोदा (सुनील पटेल)। जिले के ग्राम गुराडिया भील में मंगलवार को एक किसान के खेत में अचानक आग लगने से करीब 3 बीघा गेहूं का भूसा जलकर राख हो गया। आसपास मौजूद किसानों ने तत्परता दिखाते हुए ट्रैक्टर पंप और अन्य साधनों से आग पर काबू पाया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
किसान शेखर पिता कन्हैयालाल पटेल के खेत में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और खेत में रखा करीब 3 बीघा गेहूं का भूसा जलकर राख हो गया। घटना के दौरान आसपास मौजूद किसानों ने तुरंत मौके पर पहुंचकर दवाई छिड़कने वाले ट्रैक्टर पंप और अन्य संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया।
ग्रामीणों के अनुसार खेत के ऊपर से गुजर रही एलटी लाइन के झूलते तारों में शॉर्ट सर्किट होने से चिंगारी निकली, जिससे खेत में आग लगने की आशंका जताई जा रही है। आग से किसान को काफी नुकसान हुआ है। समय रहते आसपास के लोगों की मदद से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे अन्य खेतों को नुकसान होने से बचा लिया गया।





