बाइक चोर गिरोह धराया, CCTV ने खोला राज

चार मोटरसाइकिल जब्त, दो आरोपी गिरफ्तार, ऑपरेशन ‘त्रिनेत्रम’ से मिली सफलता
देवास। जिले में लगातार बढ़ रही मोटरसाइकिल चोरी की घटनाओं पर आखिरकार पुलिस ने बड़ा प्रहार किया है। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना हाटपीपल्या पुलिस ने दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी की चार मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत लगभग 3.50 लाख रुपये आंकी गई है।
दुकान के सामने से चोरी हुई थी पल्सर-
घटना 20 फरवरी की है। चौकी नेवरी अंतर्गत ग्राम नेवरी निवासी फरियादी कुलदीप लोधी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि उसकी पल्सर मोटरसाइकिल (MP-41-ZC-2555) दुकान के सामने खड़ी थी, जिसे अज्ञात व्यक्ति चुरा ले गया। मामले में थाना हाटपीपल्या में धारा 303(2) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) हरनारायण बाथम के मार्गदर्शन और एसडीओपी सृष्टि भार्गव के निर्देशन में थाना प्रभारी दीपकसिंह यादव व चौकी प्रभारी नेवरी हर्ष चौधरी के नेतृत्व में अलग-अलग टीमों का गठन किया गया।
CCTV और मुखबिर तंत्र बना सफलता की कुंजी-
पुलिस टीमों ने तकनीकी व भौतिक साक्ष्यों के साथ मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया। ‘ऑपरेशन त्रिनेत्रम’ के तहत घटनास्थल व आसपास के CCTV फुटेज खंगाले गए और संदिग्धों की पहचान कर सोशल मीडिया पर साझा किया गया।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने साईं कृपा ढाबे के पास ग्राम शिवपुर मुंडला से राहुल बामनिया (28) एवं सुनील बाजड़ (34), दोनों निवासी ग्राम सुरजाना थाना पीपलरांवा, को गिरफ्तार किया।
तीन अन्य वारदातों का भी खुलासा-
पूछताछ में आरोपी सुनील ने स्वीकार किया कि उसने तीन अन्य मोटरसाइकिलें ग्राम अमरपुरा (थाना बीएनपी देवास), ग्राम भूतिया (थाना पीपलरांवा) तथा आष्टा जिला सीहोर क्षेत्र से चोरी की थीं। आरोपियों के कब्जे से कुल चार मोटरसाइकिलें बरामद की गईं। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया है।
पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी दीपक यादव, चौकी प्रभारी हर्ष चौधरी, सउनि सुनील मालवीय, प्रधान आरक्षक मनोज शर्मा, आरक्षक दीपक, यशवंत धानुक, सैनिक बॉबी, पंकज, जितेंद्र एवं भगवान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




