आजीविका मिशन की पवित्रा नागर कर रही जैविक खेती

देवास। रासायनिक खाद से खेती करने से जहां एक ओर कृषि भूमि को नुकसान होता है, वहीं दूसरी ओर इस घातक खाद से लोगों के स्वास्थ्य पर भी असर पड़ता है। हमें जैविक खेती की ओर बढ़ना है तथा कृषि को ऊपजाऊ बनाने के लिए अधिक से अधिक जैविक खेती करना है।
उक्त बातें प्राकृतिक खेती कर रही पवित्रा नागर ने कही। जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत पर्वतपुरा के ग्राम कनेरिया की पवित्रा नागर ने बताया कि वे आजीविका मिशन के स्व सहायता समूह से जुड़ी है। समूह के माध्यम से उन्होंने प्राकृतिक खेती करने की विधि का प्रशिक्षण लिया तथा इसके माध्यम से अपने खेत पर सब्जियां की बोवनी कर उन्हें जैविक स्प्रे का छिड़काव कर बड़ा किया। उन्होंने बताया कि सब्जियों पर जैविक दवाई का स्प्रे ही किया, जिनमें मुख्य रूप से नीमास्त्र, अग्नि अस्त्र साथ ही जैविक केंचुआ खाद का उपयोग किया है।
जैविक/प्राकृतिक हाट में लगाई दुकान-
श्रीमती नागर ने बताया कि फल सब्जी मंडी मक्सी रोड देवास में हर रविवार को जैविक/प्राकृतिक साप्ताहिक हाट बाज़ार लगाया जा रहा है। इस हाट में उन्होंने जैविक दवाई एवं खाद से उत्पादित सब्जियों और फलों की दुकान को लगाया।
किसानों द्वारा किया जा रहा है जैविक उत्पादों का विक्रय-
फल-सब्जी मंडी मक्सी रोड देवास में हर रविवार सुबह से जैविक/प्राकृतिक साप्ताहिक हाट बाज़ार लगाया जा रहा है। साप्ताहिक हाट में विभिन्न गांव से किसानों द्वारा जैविक उत्पादों क़ी दुकान लगाई जा रही है। किसानों द्वारा विभिन्न उत्पाद जैसे जैविक पालक, मैथी, बालौर, मूली, चुकंदर, बैगन, पपीता, अमरूद, हरा धनिया, मटर, चना एवं मूंग पापड़, हरी मूंग, हरे चने, तिल्ली का तेल, मूंगफली का तेल, हल्दी पाउडर आदि उत्पादों का विक्रय किया जा रहा है। जैविक हाट लगने से किसानों को उनकी फसल का अच्छा दाम मिल रहा है, जिससे वे काफी खुश हैं। साथ ही क्रय करने आए ग्राहकों द्वारा बताया गया कि जैविक हाट लगने से उन्हें रसायनमुक्त सब्जी व अनाज एक जगह प्राप्त हो रहा है।




