खेत-खलियान

अचानक बदला मौसम का मिजाज: हाटपीपल्या क्षेत्र में आंधी के साथ बारिश-ओलावृष्टि

Share

 

हाटपीपल्या (नरेंद्र ठाकुर)। मौसम के अचानक करवट लेने से हाटपीपल्या क्षेत्र के किसानों की चिंताएं बढ़ गई हैं। शाम करीब 7:30 बजे क्षेत्र में अचानक बारिश शुरू हो गई, जो कुछ ही देर में ओलावृष्टि में बदल गई।

हाटपीपल्या अंचल में लगभग 25 मिनट तक चली बारिश के साथ गिरे बड़े-बड़े ओलों ने जनजीवन को प्रभावित किया। खेतों में खड़ी गेहूं सहित अन्य फसलों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई जा रही है। अचानक हुई इस बारिश और ओलावृष्टि से किसान चिंतित हैं।

देवगढ़, बिलावली, बढ़ियामांडू, भमोरी, चापड़ा, मुकुंदगढ़, लसूड़िया हातु और हाटपीपल्या सहित कई गांवों में ओले गिरने की खबर है। बढ़ियामांडू गांव में तेज आंधी के साथ बारिश और ओलावृष्टि हुई, जिससे कई जगह घरों की चद्दरें उड़ गईं। तेज हवा के कारण कुछ स्थानों पर पेड़ भी धराशायी हो गए, जिससे ग्रामीण इलाकों में अव्यवस्था की स्थिति बन गई।
ग्रामीणों के अनुसार, शाम के समय अचानक काले बादल छा गए और तेज हवा के साथ बारिश शुरू हो गई। देखते ही देखते ओलावृष्टि होने लगी, जिससे फसलें बुरी तरह प्रभावित हुईं। किसानों का कहना है कि यदि नुकसान अधिक हुआ है तो प्रशासन को जल्द सर्वे कराकर राहत एवं मुआवजे की व्यवस्था करनी चाहिए।

भारतीय किसान संघ के जिला मंत्री शेखर पटेल का कहना है, कि ओलावृष्टि से बागली व हाटपिपल्या तहसील में फसलों को बहुत नुकसान हुआ है। हम मांग करते हैं कि तत्काल सर्वे करवाया जाए और किसानों को राहत राशि दी जाए।

Back to top button