खेती में नवाचार व पर्यावरण संरक्षण के लिए युवा कृषक धर्मेंद्रसिंह राजपूत गणतंत्र दिवस पर हुए सम्मानित

देवास। मध्यप्रदेश शासन द्वारा सम्मानित ग्राम छोटी चुरलाई के युवा कृषक धर्मेंद्रसिंह राजपूत को कृषि क्षेत्र में नवाचार, पर्यावरण संरक्षण और सतत खेती के लिए गणतंत्र दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन ने सम्मानित किया।
जिला स्तरीय समारोह में कलेक्टर ऋतुराज सिंह एवं पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने उन्हें प्रशंसा पत्र एवं प्रतीक चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया। युवा कृषक राजपूत खेती को केवल उत्पादन तक सीमित न रखकर उसे पर्यावरण संरक्षण से जोड़ने का सफल प्रयास कर रहे हैं। वे अपनी कृषि पद्धतियों में आधुनिक तकनीक और पारंपरिक ज्ञान का संतुलित उपयोग करते हुए टिकाऊ खेती को बढ़ावा दे रहे हैं। राजपूत की सबसे बड़ी विशेषता यह है कि वे अपने खेतों में नरवाई नहीं जलाते। इसके बजाय वे अवशेष प्रबंधन के माध्यम से मिट्टी की उर्वरता बनाए रखते हैं और पर्यावरण को होने वाले नुकसान से बचाते हैं। नरवाई जलाने से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति वे लगातार किसानों को जागरूक कर रहे हैं।
इसके साथ ही उन्होंने अपने खेतों की मेढ़ों पर पर्यावरण संरक्षण की दृष्टि से बड़ी संख्या में पौधारोपण किया है। उनके इन प्रयासों से आसपास के किसान भी प्रेरित होकर पौधारोपण और पर्यावरण अनुकूल खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं। राजपूत को कृषि उप संचालक गोपेश पाठक, सहायक संचालक लोकेश गंगराड़े, वरिष्ठ कृषि अधिकारी राहुल जायसवाल, अशोक चौहान, दिनेश परमार, जीवन बर्डे ने शुभकामनाएं दीं।




