आंधी-ओलावृष्टि का कहर: फसलें तबाह, मकान क्षतिग्रस्त, 300 से अधिक तोतों की मौत

हाटपीपल्या (नरेंद्र ठाकुर)। क्षेत्र में मंगलवार शाम अचानक बदले मौसम ने व्यापक तबाही मचा दी। तेज आंधी के साथ हुई भारी ओलावृष्टि ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। देवगढ़, बिलावली, बढ़ियामांडू, भमौरी, चापड़ा, मुकुंदगढ़, लसुड़िया हातु और हाटपीपल्या सहित आसपास के कई गांवों में ओले कहर बनकर बरसे। इस प्राकृतिक आपदा में जहां किसानों की फसलें नष्ट हो गईं, वहीं पेड़ उखड़ गए, कच्चे मकानों की चद्दरें उड़ गईं और बड़ी संख्या में पक्षियों की जान चली गई।

ओलावृष्टि से क्षेत्र में चना, गेहूं और लहसुन की फसलों को भारी क्षति पहुंची है। ग्राम खजूरिया बीना के केशरसिंह पाटीदार ने बताया कि उनकी एक बीघा चना और दो बीघा गेहूं की फसल पूरी तरह नष्ट हो गई। वहीं माणक पाटीदार की एक बीघा लहसुन की फसल भी ओलों की भेंट चढ़ गई। किसानों के अनुसार कई खेतों में फसलें जमीन पर बिछ गई हैं, जिससे उत्पादन पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है।

मकान और पेड़ भी नहीं बचे
ग्राम बढ़ियामांडू में मोहनलाल पाटीदार और महेश पाटीदार के कच्चे मकानों की चद्दरें तेज आंधी में उड़ गईं। बिलावली सहित कई गांवों में बड़े-बड़े पेड़ जड़ से उखड़कर गिर गए, जिससे रास्ते अवरुद्ध हो गए और संपत्ति को नुकसान पहुंचा। यहां पर भेरूसिंह पटेल के खेत पर खड़े ट्रैक्टर पर विशाल झाड़ गिर गया, जिससे नुकसान हुआ।
बिजली व्यवस्था ठप
करनावद के वार्ड क्रमांक 14 और 15 में आंधी-ओलावृष्टि से भारी तबाही हुई। यहां कई पेड़ धराशायी हो गए और बिजली के पोल गिरने से आपूर्ति पूरी तरह बाधित हो गई। मंगलवार रातभर और बुधवार को भी क्षेत्र में बिजली गुल रही, जिससे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। इसी दौरान एक मंदिर पर बरगद का विशाल पेड़ गिरने से मंदिर को भी नुकसान पहुंचा है।

ओलों से सैकड़ों पक्षियों की मौत
बिलावली के किसान कृपालसिंह, भीमसिंह, सोभालसिंह, तकेसिंह, रवींद्र, भागीरथ, तेजसिंह, रामसिंह, मनोहर, अमरसिंह, सुरेंद्रसिंह, हिम्मतसिंह ने बताया कि बड़ी संख्या में तोतों की मौत हो गई। सुबह खेत पर पहुंचे तो तोते गिरे हुए नजर आए। बिलावली में ओलावृष्टि का सबसे दर्दनाक दृश्य देखने को मिला, जहां पेड़ों पर बैठे सैकड़ों तोते ओलों की चपेट में आ गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार 300 से अधिक तोतों की ओलों से मौत हो गई। गांव में कई स्थानों पर मृत पक्षी पड़े मिले, जिससे लोग बेहद व्यथित नजर आए।




