ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का जायजा लेने कलेक्टर प्रभावित क्षेत्रों के खेतों में पहुंचे

पूरी पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ सर्वे कार्य कर सभी प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा- कलेक्टर ऋतुराज सिंह
देवास। ओलावृष्टि से खराब हुई फसलों का जायजा लेने कलेक्टर ऋतुराज सिंह बुधवार को सोनकच्छ और हाटपीपल्या विधानसभा के प्रभावित गांवों के खेतों में पहुंचे। कलेक्टर श्री सिंह ने सोनकच्छ विधानसभा के ग्राम पीरपाड़ल्या, मऊ एवं हाटपीपल्या विधानसभा क्षेत्र के ग्राम अमलाताज, बढ़ियामांडू, रम्मलखेड़ी, खजुरियाबिना का भ्रमण कर ओलावृष्टि के कारण हुए फसल नुकसान का अवलोकन किया।
कलेक्टर श्री सिंह ने ओलावृष्टि से हुए फसल नुकसान का अवलोकन कर राजस्व और कृषि विभाग के संयुक्त दल को फसल नुकसान का आंकलन करने के निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि कोई भी प्रभावित किसान मुआवजे के लिए छूटना नहीं चाहिए। निरीक्षण के दौरान विधायक सोनकच्छ डॉ. राजेश सोनकर, हाटपीपल्या विधायक मनोज चौधरी, बागली विधायक मुरली भंवरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, एसडीएम सोनकच्छ प्रिया चंद्रावत सहित राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर श्री सिंह ने राजस्व एवं कृषि विभाग के अधिकारियों से कहा कि सर्वे में कोई लापरवाही न हो, प्रत्येक प्रभावित किसान को राहत मिले। इसका विशेष ध्यान रखा जाए कि किसी भी प्रभावित किसान का खेत सर्वे से न छूटे। कलेक्टर ने सभी राजस्व अधिकारियों को अपने क्षेत्र में सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री सिंह ने निर्देश दिए कि राजस्व एवं कृषि विभाग के दल द्वारा प्रभावित फसल का सर्वेक्षण कर ड्रोन वीडियो और फोटो निकालें। दल द्वारा पंचनामा बनाकर प्रभावित किसान की जानकारी ग्राम पंचायत में चस्पा भी कराए।
कलेक्टर श्री सिंह ने ओलावृष्टि से प्रभावित फसलों के अवलोकन के दौरान किसानों से चर्चाकर उन्हें आश्वस्त किया, कि फसल नुकसान का पूरी पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ सर्वे कार्य कर आंकलन किया जाएगा। सभी प्रभावित किसानों को मुआवजा दिया जाएगा। सरकार आपके साथ खड़ी है, जैसे ही इस बात की सूचना मिली कि कल यहां पर काफी भारी बारिश और ओलावृष्टि हुई है तो तत्काल ही तहसीलदार को यहां पर सर्वे करने का निर्देश दिए गए।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि किसी भी प्रकार का प्राकृतिक हानि या आपदा होती है तो उसमें सरकार आप सभी के साथ खड़ी है और इसी के संबंध में कल रात को ही सर्वे करने के दिशा निर्देश दे दिए गए थे। आप सभी को मैं आश्वस्त करना चाहूंगा कि आप लोग चिंता ना करें। अच्छी तरीके से शीघ्र ही सर्वे पूरा करवाएंगे। सर्वे कराने के बाद उसकी पूरी सूची ग्राम पंचायत में यहां पर चस्पा भी की जाएगी और आप लोगों के देखने के लिए भी रहेगा कि आप लोगों कितना मुआवजा बन रहा है और जल्दी ही हम लोग आप लोगों को मुआवजा राशि उपलब्ध कराने के लिए पूरी तत्परता से काम करेंगे। उन्होंने किसानों से कहा कि आप लोगों ने फसल का बीमा भी करवा रखा है तो प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना का लाभ लेने के लिए टोल फ्री नंबर 14447 पर कॉल कर फसल बीमा के लिए आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा स्मार्टफोन में क्रॉप इंश्योरेंस एप्लीकेशन है, उसको डाउनलोड करके भी आप आवेदन कर सकते हैं।




