शिक्षा

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की धूम के साथ शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्षिप्रा में हुआ वार्षिकोत्सव

Share

 

क्षिप्रा (राजेश बराना)। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय क्षिप्रा में वार्षिक उत्सव का आयोजन हर्षोल्लास, उमंग और उत्साह के वातावरण में संपन्न हुआ।

इस अवसर पर विद्यालय के नर्सरी से लेकर कक्षा 12वीं तक के विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए भाषण, कविता पाठ, नृत्य, नाटक एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उपस्थित जनसमूह को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हाटपिपलिया विधायक मनोज चौधरी रहे, जबकि विशेष अतिथि के रूप में ग्राम पंचायत क्षिप्रा के सरपंच विश्वास उपाध्याय, विष्णु पटेल, महेश चौधरी एवं रोहित पटेल मंचासीन रहे। अतिथियों ने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम का शुभारंभ माता सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ किया गया। स्वागत भाषण विद्यालय के प्राचार्य राजीव सूर्यवंशी द्वारा प्रस्तुत किया गया, जिसमें उन्होंने विद्यालय की उपलब्धियों और विद्यार्थियों की प्रगति पर प्रकाश डाला।

इस अवसर पर खेल एवं युवा कल्याण विभाग, देवास द्वारा जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। साथ ही उनके प्रशिक्षकों को टी-शर्ट एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर प्रोत्साहित किया गया। कार्यक्रम का संचालन संस्कृत शिक्षक कृष्णकांत शर्मा के साथ विद्यालय की छात्राओं कक्षा छठी की वंशिका, आठवीं की मोनिका, नवमीं की गौरी एवं ग्यारहवीं की मुस्कान द्वारा प्रभावशाली ढंग से किया गया, जिसे उपस्थितजनों ने खूब सराहा।

विभिन्न गतिविधियों में उत्कृष्ट सहभागिता करने वाले विद्यार्थियों को स्मृति चिन्ह एवं प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। कार्यक्रम में नवीन भवन प्रभारी नीलिमा शाह, प्रदीप भाटी, राजश्री चिंचोलीकर, ग्रामीण युवा केंद्र खेल प्रभारी राजेश बराना प्रजापति, प्राथमिक से लेकर हायर सेकेंडरी तक के सभी विद्यार्थी, शिक्षकगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का समापन आभार प्रदर्शन के साथ हुआ, जिसे विद्यालय के खेल प्रभारी साबिर शैख ने व्यक्त किया।

Back to top button