खेत-खलियान

देवास मंडी में नए गेहूं का श्रीगणेश, पहले ही दिन 3101 रुपये क्विंटल का भाव

Share

 

देवास। कृषि उपज मंडी में नए गेहूं की आवक शुरू हो गई है। गुरुवार को नए गेहूं की पहली खेप के साथ ही मंडी में रौनक लौट आई और पहले ही दिन किसान को उत्साहजनक भाव मिला, जिससे आने वाले दिनों में और अधिक आवक बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है।

देवास कृषि उपज मंडी में गुरुवार को नए गेहूं का औपचारिक श्रीगणेश हुआ। मोरूखेड़ी निवासी किसान रामेश्वर द्वारा लाए गए नए गेहूं की पहली बोली लगी। किसान सात क्विंटल गेहूं लेकर मंडी पहुंचा था, जहां नीलामी प्रक्रिया के तहत गेहूं 3101 रुपये प्रति क्विंटल के भाव से बिका। उच्च बोली लगाकर गेहूं की खरीदी ऋषभ ट्रेडिंग कंपनी द्वारा की गई।

नए गेहूं की आमद से मंडी परिसर में किसानों और व्यापारियों दोनों में खासा उत्साह देखने को मिला। व्यापारी वर्ग का कहना है कि गुणवत्ता अच्छी रहने और दानों में चमक होने से भाव की शुरुआत मजबूत रही। मंडी जानकारों के अनुसार जैसे-जैसे कटाई तेज होगी, वैसे-वैसे गेहूं की आवक में निरंतर वृद्धि होगी।

व्यापारियों का अनुमान है कि अप्रैल माह में मंडी में गेहूं की आवक चरम पर पहुंचेगी। उस दौरान प्रतिदिन बड़ी संख्या में ट्रॉलियां मंडी पहुंचेंगी। देवास मंडी की पहचान प्रतिस्पर्धी नीलामी और पारदर्शी खरीदी व्यवस्था के कारण बनी हुई है, जिसके चलते देवास जिले के साथ-साथ आसपास के जिलों के किसान भी यहां अपना गेहूं बेचने आते हैं।

मंडी में खुले भाव और प्रतिस्पर्धी बोली के चलते किसानों को उनकी उपज का उचित और कई बार अपेक्षा से अधिक दाम मिल जाता है। नए गेहूं की अच्छी शुरुआत से किसानों को आने वाले सीजन में बेहतर आमदनी की उम्मीद बंधी है। मंडी प्रबंधन भी आवक बढ़ने को लेकर तैयारियों में जुटा है, ताकि किसानों को सुचारु तौल, नीलामी और भुगतान की सुविधा मिल सके।

Back to top button