क्राइम

मकर संक्रांति मनाकर बेटे के साथ इंदौर जा रही महिला की बस की टक्कर से मौत

Share

 

रसूलपुर बायपास चौराहा के पास हुआ हादसा

देवास। इंदौर रोड पर रसूलपुर चौराहा बायपास जानलेवा साबित हो रहा है। ब्रिज निर्माण के चलते अव्यवस्थित सर्विस रोड और संकेतकों की कमी के बीच बुधवार शाम एक दर्दनाक हादसे में इंदौर निवासी महिला की मौत हो गई, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।

गोविंद नगर खारचा, इंदौर निवासी 42 वर्षीय सपना दीक्षित अपने 23 वर्षीय बेटे आर्यन के साथ मकर संक्रांति मनाकर स्कूटर से देवास से इंदौर लौट रही थीं। जैसे ही वे रसूलपुर चौराहा पार कर इंदौर की ओर कुछ दूरी आगे बढ़ीं, अव्यवस्थित और खतरनाक सर्विस रोड पर पीछे से आ रही एक बस ने उनके स्कूटर को टक्कर मार दी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बस भोपाल रोड की ओर से इंदौर की तरफ जा रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सपना की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनका बेटा घायल हो गया। हादसे के बाद बस चालक बस को मौके पर छोड़कर फरार हो गया।

सूचना मिलते ही स्थानीय लोग और पुलिस मौके पर पहुंचे। शव को जिला अस्पताल भिजवाया गया। औद्योगिक क्षेत्र टीआई शशिकांत चौरसिया ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने बस को जब्त कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी गई है।

स्थानीय नागरिकों ने बताया कि रसूलपुर चौराहा लंबे समय से खतरनाक ब्लैक स्पॉट बन चुका है। ब्रिज निर्माण कर रही ठेकेदार कंपनी ने न तो पर्याप्त संकेतक लगाए हैं और न ही रात के समय प्रकाश की उचित व्यवस्था की है। निर्माण कार्य के चलते देवास से इंदौर जाने वाले वाहनों को बायपास से लंबा घुमाया जा रहा है, जबकि सर्विस रोड पर भारी अव्यवस्था बनी हुई है।

गौरतलब है कि मृतका सपना, हाटपिपल्या विधायक मनोज चौधरी के करीबी समर्थक अमर अवस्थी की बहन थीं। हादसे के बाद क्षेत्र में आक्रोश है और लोगों ने ब्रिज निर्माण कंपनी व प्रशासन से तत्काल सुरक्षा इंतजामों की मांग की हैं।

Amaltas hospital dewas

Back to top button