कलयुग की क्रूर तस्वीर: मामूली विवाद में नशेड़ी बेटे ने मां के हाथों एवं पिता के सिर पर किया जानलेवा वार

- गंभीर हालत में देवास से इंदौर किया रेफर, कटे हाथ की आपातकालीन सर्जरी होगी
सोनकच्छ/देवास (अंकित जाजू)। संवेदनाओं को झकझोर देने वाली एक दिल दहला देने वाली घटना सोनकच्छ थाना क्षेत्र के कुशवाह नगर गंधर्वपुरी से सामने आई है, जहां नशे की लत में डूबे एक पुत्र ने मामूली विवाद में अपने ही माता-पिता पर जानलेवा हमला कर दिया। हैरानी की बात यह रही कि जिसने जन्म दिया, पालन-पोषण किया, उसी बेटे ने बेरहमी की सारी हदें पार कर दीं।
जानकारी के अनुसार रविवार दोपहर करीब 2 बजे 70 वर्षीय जगन्नाथ पिता चुन्नीलाल और उनकी 61 वर्षीय पत्नी मानसागर बाई अपने खेत पर मजदूरों के साथ काम कर रहे थे। इसी दौरान उनका 28 वर्षीय पुत्र अर्जुन वहां पहुंचा। खेत में पड़ी कटी लकड़ी को बेचने को लेकर माता-पिता ने जब विरोध किया, तो अर्जुन आपे से बाहर हो गया। गुस्से में बेकाबू अर्जुन ने खेत में लकड़ी काट रहे मजदूरों से कुल्हाड़ी जैसी धारदार हथियार छीन ली और माता-पिता पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस हमले में बुजुर्ग मां मानसागर बाई के दोनों हाथ कट गए, वहीं पिता जगन्नाथ के सिर में गंभीर चोट आई। खेत खून से लाल हो गया।

बीच-बचाव करने आया मामा का बेटा, कुएं में फेंका-
घटना के दौरान खेत पर मौजूद बांटेदार और मामा के लड़के इंदरसिंह कुशवाह ने बीच-बचाव करने की कोशिश की, तो आरोपी ने उस पर भी जानलेवा हमला कर दिया और पास ही बने कुएं में फेंक दिया। किस्मत अच्छी रही कि इंदर किसी तरह कुएं से बाहर निकला और गांव में जाकर लोगों को घटना की सूचना दी।
गांव में मचा हड़कंप, घायलों को किया गया रेफर-
सूचना मिलते ही ग्रामीणों ने घायलों को निजी वाहन से सोनकच्छ सिविल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें देवास और फिर एमवाय हॉस्पिटल इंदौर रेफर किया गया। बुजुर्ग महिला के दोनों हाथ कटने से हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। इधर इंदरसिंह का इलाज देवास में जारी है।
नशे का आदी, पहले से बदनाम था आरोपी-
स्थानीय रहवासियों के अनुसार आरोपी अर्जुन नशे का आदी है और आएदिन गांव में विवाद करता रहता है। महिलाओं से छेड़छाड़ की शिकायतें भी सामने आती रही हैं। इसी कारण उसकी पत्नी पहले ही बच्चों को लेकर मायके चली गई थी। घटना के बाद से पूरे गांव में भय और आक्रोश का माहौल है।
आरोपी फरार, पुलिस तलाश में जुटी-
घटना की सूचना पर सोनकच्छ थाना प्रभारी अजय गुर्जर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और क्षेत्र को सील किया गया है। आरोपी अर्जुन वारदात के बाद से फरार है। थाना प्रभारी अजय गुर्जर ने बताया कि आरोपी अर्जुन की तलाश की जा रही है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए गए हैं। घायलों का इलाज जारी है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।




