क्राइम

रात के अंधेरे में 45 लाख का डंपर उड़ाया, 12 घंटे में देवास पुलिस ने हरियाणा से दबोचा

Share

 

देवास पुलिस की सक्रियता और राष्ट्रीय समन्वय का शानदार उदाहरण

देवास। अपराधी चाहे कितनी भी चालाकी से वारदात को अंजाम दें, लेकिन जब पुलिस सतर्क हो तो अपराध ज्यादा देर तक छिपा नहीं रह पाता। ऐसा ही एक सटीक उदाहरण देवास जिले में सामने आया, जहां शातिर वाहन चोरों द्वारा रात के अंधेरे में चोरी किए गए करीब 45 लाख रुपए मूल्य के डंपर को देवास पुलिस ने महज 12 घंटे में, 900 किलोमीटर दूर हरियाणा राज्य से बरामद कर लिया।

फरियादी राजेश बघेल, निवासी अर्जुन नगर इटावा ने थाना बैंक नोट प्रेस में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह धनपाल सिंह सेंधव के यहां ड्राइवर है। 2 फरवरी की रात लगभग 9:30 बजे उसने अपना डंपर श्री चेतन्य स्कूल के पास, श्री विनायक इंटरप्राइजेस प्लांट, इंदौर-भोपाल रोड जेतपुरा परिसर में खड़ा किया था। रात करीब 2 बजे शातिर चोरों ने मौके का फायदा उठाकर डंपर चोरी कर लिया। सेठ द्वारा सूचना मिलने पर जब फरियादी मौके पर पहुंचा तो डंपर वहां से गायब था। रिपोर्ट पर थाना बैंक नोट प्रेस में धारा 305(ए) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

सीसीटीवी ने खोला राज, पायलेटिंग करती दिखी क्रेटा कार-
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोत ने त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (एल-आर) संजय शर्मा और नगर पुलिस अधीक्षक देवास सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी बैंक नोट प्रेस निरीक्षक अमित सोलंकी एवं थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक शशिकांत चौरसिया के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

पुलिस टीम ने तकनीकी साक्ष्य, भौतिक साक्ष्य और मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की बारीकी से जांच की। फुटेज में सामने आया कि चोरी के बाद डंपर की पायलेटिंग एक सफेद रंग की क्रेटा कार द्वारा की जा रही थी।

मेवाती गैंग पर शक, हरियाणा में बिछाया जाल-
स्थानीय पुलिस अधिकारियों के अनुभव और अपराध के पैटर्न के आधार पर यह आशंका जताई गई कि वारदात में हरियाणा के नूंह जिले की कुख्यात मेवाती गैंग शामिल हो सकती है। घटना को छह घंटे बीत चुके थे और संभावना थी कि वाहन राज्य से बाहर निकल चुका होगा।

इस पर पुलिस अधीक्षक देवास द्वारा पुलिस अधीक्षक नूंह (हरियाणा) से तत्काल समन्वय स्थापित किया गया। हरियाणा पुलिस के सहयोग से खेड़ा कालीपुर टोल प्लाजा, थाना रोजकामेव, जिला नूंह पर नाकाबंदी करवाई गई।

900 किमी पीछा, 12 घंटे में बड़ी सफलता-
देवास पुलिस के सटीक अनुमान और तेज कार्रवाई का नतीजा यह रहा कि चोरी किया गया डंपर खेड़ा कालीपुर टोल प्लाजा से बरामद कर लिया गया। इस तरह देवास पुलिस ने राष्ट्रीय स्तर पर समन्वय स्थापित कर 45 लाख रुपए के डंपर को मात्र 12 घंटे में 900 किलोमीटर दूर से जब्त कर बड़ी सफलता हासिल की।

सराहनीय भूमिका-
इस सराहनीय कार्रवाई में उप पुलिस अधीक्षक (एल-आर) संजय शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक देवास सुमित अग्रवाल, थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, थाना प्रभारी बैंक नोट प्रेस निरीक्षक अमित सोलंकी, सहायक उप निरीक्षक हितेश चन्द्रवंशी, प्रधान आरक्षक दिनेश मुकाती, भारत चौधरी तथा हरियाणा पुलिस थाना रोजकामेव जिला नूंह से निरीक्षक विनोद कुमार, प्रधान आरक्षक दिनेश कुमार, आरक्षक संजय कुमार एवं विनित कुमार
की विशेष और सराहनीय भूमिका रही।

Back to top button