क्राइम

बरझाई घाट की खाई में मिला वृद्ध का कंकाल

Share

 

– मवेशी चराने निकले थे, कपड़ों से हुई शिनाख्त

उदयनगर (बाबू हनवाल)। क्षेत्र में एक लापता वृद्ध की तलाश उस वक्त दर्दनाक मोड़ पर खत्म हुई, जब बरझाई घाट स्थित भैरव बाबा मंदिर के नीचे गहरी खाई में नाले के किनारे मानव कंकाल मिलने की सूचना सामने आई। यह खबर सुनते ही इलाके में सनसनी फैल गई।

70 वर्षीय सुखराम पुत्र टाटिया 26 दिसंबर को रोज़ की तरह मवेशी चराने घर से निकले थे, लेकिन वापस नहीं लौटे। परिजनों ने उसी दिन बागली थाना में गुमशुदगी की सूचना दर्ज कराई थी। पुलिस द्वारा लगातार तलाश किए जाने के बावजूद उनका कोई सुराग नहीं मिल सका।

इलाके में मवेशी चराने वाले एक व्यक्ति ने बुधवार को पुलिस को सूचना दी कि बरझाई घाट पर भैरव बाबा मंदिर के नीचे खाई में नाले के किनारे एक मानव कंकाल पड़ा हुआ है। सूचना मिलते ही बागली पुलिस मौके पर पहुंची। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कंकाल का सिर दिखाई दे रहा था, जबकि शरीर के अन्य हिस्से जंगली जानवरों द्वारा खा लिए गए थे।
पुलिस ने मौके पर गुमशुदगी के रिकॉर्ड की जांच की और परिजनों को बुलाया गया। कपड़ों के आधार पर परिजनों ने कंकाल की पहचान सुखराम के रूप में की।

बागली पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए महाराजा यशवंत राव चिकित्सालय भेजा है, जहां डॉक्टरों की टीम द्वारा पोस्टमार्टम किया जाएगा। रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की हर पहलू से जांच कर रही है।

Back to top button