तेज़ रफ्तार से बस दौड़ाने वाले दो चालक गिरफ्तार, बसें जब्त

सवारियों की होड़ में यातायात नियमों की अनदेखी
सड़क पर खतरनाक रेसिंग कर आमजन की जान को डाल रहे थे खतरे में
देवास। सवारियां बैठाने की होड़ में कुछ बस चालक यातायात नियमों को नजरअंदाज कर रहे हैं। इसी क्रम में रामनगर चौराहे से इंदौर की ओर जा रही दो निजी बसों के चालक तेज गति और लापरवाही से बस चला रहे थे, जिससे यात्रियों और सड़क पर चल रहे लोगों की जान खतरे में पड़ गई। सोशल मीडिया पर मिली जानकारी के बाद देवास पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए दोनों बसों को रोककर चालकों को गिरफ्तार किया और बसें जब्त कर लीं।
जिले में यातायात नियमों का उल्लंघन कर आम नागरिकों की सुरक्षा से खिलवाड़ करने वालों के विरुद्ध देवास पुलिस द्वारा सख़्त एवं प्रभावी कार्रवाई की गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हुई सूचना का त्वरित संज्ञान लेते हुए औद्योगिक क्षेत्र थाना एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम ने सड़क पर सरेआम रेसिंग कर रहे दो निजी बस चालकों को गिरफ्तार कर उनकी बसें जब्त की हैं।
1 फरवरी को पुलिस को सूचना प्राप्त हुई कि रामनगर चौराहे से इंदौर की ओर जा रही दो निजी बसें
मार्बल बस (MP41 ZD 3381) एवं गुलशन बस (MP41 P 0588) के चालक अधिक सवारियां बैठाने की होड़ में अत्यधिक तेज गति एवं लापरवाहीपूर्वक बसें चला रहे हैं। इस खतरनाक कृत्य से बस में सवार यात्रियों सहित सड़क पर चल रहे राहगीरों की जान को गंभीर खतरा उत्पन्न हो गया था।
पुलिस की त्वरित एवं संयुक्त कार्रवाई-
पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद के निर्देशानुसार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयवीर सिंह भदौरिया, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (यातायात) एचएन बाथम एवं नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र शशिकांत चौरसिया एवं यातायात पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा तत्काल नाकेबंदी कर दोनों बसों को रोका गया।
गिरफ्तारी एवं वैधानिक कार्यवाही-
यातायात नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर पुलिस द्वारा दोनों बसों को जब्त कर चालकों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी-
रफीक पिता शेख मुख्तयार, उम्र 48 वर्ष, निवासी तोड़ी खेत एवं शाहरुख पिता इकबाल पठान, उम्र 32 वर्ष, निवासी पुष्पकुंज कॉलोनी, इटावा, देवास।
दोनों के विरुद्ध थाना औद्योगिक क्षेत्र में धारा 279 बीएनएस एवं 184, 132/177(1) मोटर व्हीकल अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें जेल भेजने की वैधानिक कार्यवाही की गई है।
देवास पुलिस का संदेश-
देवास पुलिस आमजन को स्पष्ट संदेश देती है कि यातायात नियमों का उल्लंघन, सड़क पर रेसिंग एवं नागरिकों की जान को खतरे में डालने वाले कृत्यों के विरुद्ध जीरो टॉलरेंस नीति के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी। सड़क सुरक्षा, अनुशासन एवं आमजन की जान की रक्षा देवास पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है।




