पुलिस ने मोबाइल चुराने वाले शातिर आरोपी को किया गिरफ्तार

– 3 मोबाइल फोन जब्त, चोरी का मोबाईल खरीदने वाला व्यक्ति भी गिरफ्तार
– आरोपी सुनी दुकानों व घरों को बनाता था अपना निशाना व देता था वारदात को अंजाम
देवास। पुलिस ने मोबाइल चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए एक शातिर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दुकानों और घरों को निशाना बनाकर वारदात को अंजाम देता था। पुलिस ने चोरी के तीन मोबाइल फोन बरामद किए हैं, साथ ही चोरी का मोबाइल खरीदने वाले एक व्यक्ति को भी पकड़ा गया है।
9 सितंबर को थाना औद्योगिक क्षेत्र में फरियादी सईद पिता सत्तार शेख निवासी सिया ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि 4 सितंबर को दिन में कोई अज्ञात व्यक्ति मेरी रसुलपुर बायपास स्थित भारत आटो पार्ट्स दुकान में घुस आया व मेरा मोबाइल चोरी कर ले गया। फरियादी कि रिपोर्ट पर से थाना औद्योगिक क्षेत्र प्रकरण दर्ज किया गया।
नकबजनी करने वाले अज्ञात आरोपियों की गिरफ्तारी करने हेतु थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक शशिकांत चौरसिया स्वयं घटनास्थल पर पहुंचे व निरीक्षण किया। पुलिस टीम ने घटनास्थल तथा उसके आसपास आपरेशन त्रिनेत्रम के तहत् लगे 50 से अधिक कैमरे को खंगाला गया, जिसमें एक व्यक्ति के स्पष्ट फुटेज प्राप्त हुए। प्राप्त हुलिये को पुलिस कम्युनिटी व्हाट्सअप ग्रुप में प्रसारित किया गया, जिससे आरोपी की पहचान सुनिश्चित हुई। रविवार को मुखबिर सूचना के आधार पर नकबजनी करने वाले राहुल चौहान उम्र 23 साल निवासी शिवनगर न्यू देवास हाल मुकाम श्रीराम कालोनी इटावा देवास को गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ पर बताया कि मैंने चोरी का उक्त मोबाइल अखलेश मालवीय उम्र 35 साल निवासी चौबाराधीरा हाल मुकाम उत्कृष्ट छात्रावासा मीठा तालाब देवास को बेचा है। चोरी का मोबाइल खरीदने पर उक्त आरोपी को भी गिरफ्तार कर चोरी गया। मोबाइल कीमती करीब 20,000 रुपये का जब्त किया गया। आरोपी राहुल चौहान ने पुछताछ के दौरान 12 सितंबर को गोमतीनगर श्री हरी गार्डन के पीछे झोपड़ी से भी 2 मोबाइल चुराना स्वीकार किया। राहुल के कब्जे से एक विवो कंपनी का व एक रियलमी कंपनी का मोबाइल कीमत करीब 30,000 रुपये को जब्त किया गया है। आरोपीगण को न्यायालय पेश किया जा रहा है। आरोपीगण के कब्जे से चोरी के कुल 3 मोबाइल कीमती करीब 50,000 रुपये के जब्त किए गए हैं।
सराहनीय कार्य- उक्त सराहनीय कार्य में थाना प्रभारी औद्योगिक क्षेत्र निरीक्षक शशिकांत चौरसिया, प्रआर विनोद कुमार, आर अजय जाट, सै ज्ञानेन्द्र द्विवेदी की सराहनीय भूमिका रही।





