नगर निगम

नवरात्रि पर श्रद्धालुओं को मिलेगी बेहतर सुविधाएं

Share

 

– विधायक व महापौर प्रतिनिधि ने किया मुख्य बस स्टैंड का निरीक्षण

देवास। नवरात्रि पर्व पर मां की भक्ति के साथ-साथ श्रद्धालुओं की सुविधा को लेकर नगर निगम प्रशासन पूरी तरह सक्रिय हो गया है। माताजी टेकरी पर दर्शनार्थ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को बेहतर इंतजाम मिल सकें, इसके लिए मुख्य बस स्टैंड का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण में सफाई व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश और बैठने की सुविधा को लेकर विशेष निर्देश दिए गए।

इस मौके पर विधायक एवं महापौर प्रतिनिधि दुर्गेश अग्रवाल ने वार्ड पार्षद प्रतिनिधि नितिन आहूजा के साथ बस स्टैंड का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि नवरात्रि के पावन पर्व पर माताजी के दर्शन के लिए आने वाले हर श्रद्धालु का स्वागत हमारी जिम्मेदारी है। नगर निगम का प्रयास है कि बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों को बस स्टैंड पर स्वच्छ, सुरक्षित और आरामदायक वातावरण मिले।

निरीक्षण के दौरान निगम अधिकारियों को बस स्टैंड की दोनों बिल्डिंगों में पर्याप्त लाइट और पंखे लगाने, पुरानी बिल्डिंग में आवश्यकतानुसार टाइल्स बदलने, रंगाई-पुताई कराने और वॉटर कूलर की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही यात्री प्रतिक्षालय और आसपास के क्षेत्र में हेलोजन लाइट लगाकर रात में भी रोशनी बनी रहे, इसके लिए भी कहा गया।

श्री अग्रवाल ने स्पष्ट किया, कि नवरात्रि के दौरान बढ़ने वाली श्रद्धालुओं की संख्या को ध्यान में रखते हुए निगम समय पर सभी तैयारियां पूरी करेगा। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा ही सर्वोच्च प्राथमिकता है और प्रशासन का हर कदम इसी दिशा में है।

इस अवसर पर निगम उपायुक्त जाकिर जाफरी, स्वास्थ्य अधिकारी जितेंद्र सिसोदिया, स्वास्थ्य निरीक्षक हेमंत उबनारे, उपयंत्री राजेश कौशल, श्यामसुंदर रघुवंशी सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Back to top button