Dewas नकली नोट निर्माण के बड़े रैकेट का पर्दाफाश,15.41 लाख की नकली करंसी जब्त

• 5 आरोपी गिरफ्तार, हाईटेक उपकरणों से बना रहे थे नकली नोट
• मुख्य आरोपी ने जेल में रची थी साजिश
देवास। पुलिस ने नकली करंसी बनाने वाले एक अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए बड़ी सफलता हासिल की है। थाना बैंक नोट प्रेस पुलिस ने सुनियोजित कार्रवाई करते हुए 15.41 लाख रुपए की नकली करंसी, प्रिंटर, स्कैनर, लैपटॉप समेत नोट छापने में प्रयुक्त अत्याधुनिक उपकरण जब्त किए हैं। इस गिरोह के 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जिनमें मुख्य आरोपी ने जेल में रहते हुए इस साजिश की योजना तैयार की थी।
जिला पुलिस द्वारा अपराधों पर प्रभावी नियंत्रण एवं समाज में कानून का भय स्थापित करने हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत थाना बैंक नोट प्रेस पुलिस को एक महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है। नकली नोटों के निर्माण एवं अवैध संचालन में लिप्त अंतरजिला गिरोह का पर्दाफाश करते हुए लगभग 16 लाख रुपए से अधिक मूल्य के नकली नोट, उन्हें तैयार करने की सामग्री एवं उपकरण जब्त कर 5 आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
1 जून को थाना प्रभारी बैंक नोट प्रेस को विश्वसनीय सूत्रों से सूचना मिली, कि आरोपी सचिन नागर एवं शुभम वर्मा नकली नोट लेकर जा रहे हैं। पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद ने उक्त सूचना की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्यवाही हेतु निर्देशित किया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीरसिंह भदौरिया के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक (एल-आर) संजय शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी बैंक नोट प्रेस अमित सोलंकी के नेतृत्व में 2 विशेष टीमों का गठन किया गया।
उक्त टीमों ने आरोपी सचिन नागर एवं शुभम वर्मा को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से 1,96,200 के नकली नोट एवं एक काली रंग की स्प्लेंडर मोटरसाइकिल जब्त की जाकर आरोपियों के विरूद्ध थाना बैंक नोट प्रेस में अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया।

उक्त आरोपियों से पूछताछ में ज्ञात हुआ, कि आरोपी राजकुमार मालवीय ग्राम सोनकच्छ द्वारा अपने निवास पर नकली नोटों का निर्माण किया जा रहा है। तत्काल कार्रवाई करते हुए पुलिस टीमों ने आरोपी राजकुमार के घर पर दबिश दी, जहां से आरोपी राजकुमार मालवीय एवं सुनील पाटिल को गिरफ़्तार कर उनके कब्जे से 13 लाख 25 हजार के 500-500 की नकली नोटों की गड्डियां तथा नोट निर्माण में प्रयुक्त उपकरण एवं अन्य सामग्री बरामद की गई। अनुसंधान के बाद में आरोपी शक्तिसिंह चावड़ा को भी गिरफ़्तार किया गया।

जब्तशुदा सामग्री- 15 लाख 41 हजार 200 के नकली नोट, लैपटॉप, प्रिंटर, स्कैनिंग पेटी,100-200-500 के अर्द्ध छपे प्रिंट पेपर एवं 2 मोटर साइकिल जब्त।
गिरफ्तार आरोपियों के नाम-
1. सुनील पिता बाबूराव पाटिल उम्र 38 वर्ष निवासी खकनार जिला बुरहानपुर।
2. राजकुमार मालवीय पिता सिद्धनाथ उम्र 30 वर्ष निवासी ग्राम खेड़ाखजूरिया सोनकच्छ।
3. सचिन नागर पिता तेजसिंह उम्र 27 वर्ष निवासी ग्राम दुधलाई सोनकच्छ।
4. शुभम पिता दिनेश वर्मा उम्र 23 वर्ष निवासी ग्राम आगरोद देवास।
5. शक्तिसिंह चावड़ा पिता दिग्विजय सिंह उम्र 19 वर्ष निवासी ग्राम आगरोद देवास।
सराहनीय कार्य- थाना प्रभारी बैंक नोट प्रेस अमित सोलंकी, उनि तरुण कुमार बोडके, उनि गौरीशंकर यादव, उनि राहुल परमार, सउनि हितेन्द्र चंद्रवंशी, सउनि मनोज पटेल, सउनि ईश्वरसिंह मंडलोई, सउनि राजेश भारद्वाज, प्रआर रवि पटेल, आर राहुल शर्मा, सैनिक भगवान सिंह तथा सायबर सेल टीम प्रआर शिवप्रताप सिंह सेंगर, सचिन चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




