आपसी विवाद में भाई ने ही की थी भाई की हत्या!

– हत्या को सड़क हादसा बताकर रचा था षड्यंत्र, पुलिस ने खोला राज
– थाना सिविल लाइन पुलिस ने मुख्य आरोपी सहित सहयोगी को किया गिरफ्तार
देवास। सिविल लाइन थाना क्षेत्र में आपसी विवाद के चलते एक युवक ने अपने सगे भाई की लोहे की मोगरी से वार कर हत्या कर दी। बाद में आरोपी ने जीजा के साथ मिलकर घटना को सड़क दुर्घटना बताकर पुलिस को गुमराह करने का प्रयास किया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से हत्या का खुलासा हुआ, जिसके बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
10 फरवरी की देर रात्रि अमलतास अस्पताल से थाना सिविल लाइन को सूचना प्राप्त हुई कि रवि पिता राजाराम चौहान, उम्र 30 वर्ष, निवासी ग्राम सिंगावदा पावर हाउस को उसका भाई लखन एवं जीजा राहुल राजोरिया सड़क दुर्घटना में घायल होना बताकर अस्पताल लेकर आए हैं। उपचार के दौरान उक्त व्यक्ति की मृत्यु हो गई। थाना सिविल लाइन ने प्रकरण पंजीबद्ध कर जांच प्रारंभ की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट प्राप्त होने पर प्रथम दृष्टया यह पाया गया कि मृत्यु सिर पर किसी भारी वस्तु से वार किए जाने के कारण हुई है, जिससे मामला हत्या का प्रतीत हुआ।
मृतक के परिजनों से विस्तृत पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि 10 फरवरी की रात्रि मृतक रवि चौहान का अपने भाई लाखन से विवाद हुआ था। विवाद के दौरान आरोपी लाखन ने घर में रखी लोहे की भारी वस्तु (मोगरी) से मृतक के सिर पर 2-3 वार किए, जिससे उसकी घर पर ही मृत्यु हो गई। हत्या करने के पश्चात आरोपी लाखन ने अपने जीजा राहुल राजोरिया को घटना की सूचना दी। तत्पश्चात दोनों ने मिलकर मृतक को अमलतास अस्पताल, देवास ले जाकर घटना को सड़क दुर्घटना बताकर मिथ्या सूचना दी तथा हत्या को दुर्घटना का रूप देने का प्रयास किया।
जांच के दौरान स्पष्ट हुआ कि आरोपी राहुल को घटना की वास्तविक जानकारी होने के बावजूद उसने अस्पताल में गलत सूचना दी। जांच में यह भी पाया गया कि आरोपी लाखन ने विवाद के दौरान बीच-बचाव करने आए अपने भाई रवि चौहान के सिर पर वार कर उसकी हत्या की।
तथ्यों के आधार पर थाना सिविल लाइन पर धारा 103(1), 238 बीएनएस के अंतर्गत प्रकरण पंजीबद्ध कर आरोपी लाखन चौहान एवं राहुल राजोरिया को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की गई, जिनके द्वारा अपराध स्वीकार किया गया। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
सराहनीय कार्य-
उक्त संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी सिविल लाइन एवं उनकी टीम की सराहनीय भूमिका रही।




