क्राइम

Dewas news तेज रफ्तार ईवी कार ने स्कूटी को मारी टक्कर, एक युवक की मौत

Share

 

देवास। गुरुवार देर रात रफ्तार का कहर देखने को मिला, जब एक तेज रफ्तार ईवी कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि दोनों युवक करीब 60 फीट दूर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल एक युवक ने अस्पताल ले जाते समय दम तोड़ दिया, जबकि दूसरा उपचाररत है।

देवास में गुरुवार रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने एक परिवार की खुशियां छीन लीं। बीएनपी थाना क्षेत्र के आवासनगर चौराहे पर रात करीब 11.45 बजे एक तेज रफ्तार ईवी कार ने स्कूटी को टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की गति बेहद तेज थी और चालक लापरवाही से वाहन चला रहा था।
जानकारी के मुताबिक 36 वर्षीय राजेश गोस्वामी, जो सोमेश्वर मंदिर नाहर दरवाजा क्षेत्र के निवासी थे, दोपहिया चालक विशाल सोलंकी से लिफ्ट लेकर अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान आवासनगर चौराहे के पास अचानक आई कार ने स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयानक थी कि दोनों युवक हवा में उछलकर करीब 60 फीट दूर जा गिरे। सड़क पर गिरते ही दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत एंबुलेंस की मदद से दोनों को जिला अस्पताल भिजवाया।

Dewas accident news

चिकित्सकों ने प्राथमिक जांच के बाद राजेश की हालत नाजुक देखते हुए उन्हें इंदौर रेफर कर दिया। परिजन बेहतर इलाज की उम्मीद में उन्हें शहर के एक निजी अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। शुक्रवार सुबह जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम किया गया।
बताया जा रहा है कि राजेश बांगर स्थित टोल टैक्स पर नौकरी करते थे और अपने परिवार के जिम्मेदार सदस्य थे।

हादसे में शामिल कार स्थानीय अनाज मंडी के एक व्यापारी की बताई जा रही है। टक्कर की तीव्रता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कार के एयरबैग तक खुल गए। घटना के तुरंत बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। बैंक नोट प्रेस थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए आरोपी कार चालक अर्पित अग्रवाल के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।

Back to top button