शासकीय प्राथमिक विद्यालय फतेहपुरखेड़ा में हर्षोल्लास के साथ मनाया प्रवेश उत्सव

– शिक्षा हमें सफलता और उज्जवल भविष्य की ओर ले जाती है-गजेंद्रसिंह कड़ोदिया
– विद्यार्थियों की नींव मजबूत करने का कार्य विद्यालय करता है- हुकमसिंह चावड़ा
देवास। शासकीय प्राथमिक विद्यालय फतेहपुरखेड़ा में 1 अप्रैल को प्रवेश उत्सव बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ मनाया गया। विद्यालय में नवप्रवेशी बच्चों का पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ स्वागत किया गया। शाला प्रबंधन समिति के अध्यक्ष गजेंद्रसिंह कड़ोदिया और विद्यालय के प्रधान हुकमसिंह चावड़ा ने बच्चों को शिक्षा का महत्व समझाते हुए प्रतिदिन स्कूल आने के लिए प्रेरित किया।
प्रवेश उत्सव के दौरान बच्चों का तिलक लगाकर एवं माला पहनाकर अभिनंदन किया गया। इस अवसर पर गजेंद्रसिंह कड़ोदिया ने कहा, शिक्षा ही वह साधन है, जो हमें सफलता और उज्जवल भविष्य की ओर ले जाता है। स्कूल केवल पढ़ाई का स्थान नहीं, बल्कि नई सोच, नए सपनों और नई उपलब्धियों की शुरुआत है। आप सभी विद्यार्थी नियमित रूप से स्कूल आएं और अपने उज्जवल भविष्य की ओर कदम बढ़ाएं।
विद्यालय के प्रधान हुकमसिंह चावड़ा ने भी बच्चों को प्रोत्साहित करते हुए कहा, “विद्यार्थी देश का भविष्य होते हैं, और उनकी नींव मजबूत करने का कार्य विद्यालय करता है। अगर आप रोज स्कूल आएंगे, मन लगाकर पढ़ाई करेंगे, तो निश्चित ही आप बड़े होकर अपने माता-पिता, गुरुजनों और समाज का नाम रोशन करेंगे।”
इस अवसर पर विद्यालय में विशेष भोज का आयोजन किया गया, जिसमें बच्चों को दाल-बाटी-बाफले और स्वादिष्ट लड्डू परोसे गए। बच्चों ने हंसी-खुशी भोजन ग्रहण किया और विद्यालय में पढ़ाई के साथ-साथ आनंद लेने की भावना को आत्मसात किया। विद्यालय में प्रवेश उत्सव की इस अनोखी पहल ने न केवल विद्यार्थियों में उत्साह जगाया, बल्कि अभिभावकों को भी प्रेरित किया कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से विद्यालय भेजें।
कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने सभी विद्यार्थियों को नए शैक्षणिक सत्र की शुभकामनाएं दीं।




