शिक्षा

उत्कृष्ट व मॉडल स्कूलों में प्रवेश को लेकर उमड़ा उत्साह

Share

 

जिले के 9 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई चयन परीक्षा

देवास (दिनेश सांखला)। जिले में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम पहल के तहत मध्यप्रदेश राज्य मुक्त स्कूल शिक्षा बोर्ड, भोपाल द्वारा जिला स्तरीय उत्कृष्ट विद्यालय एवं मॉडल स्कूलों में प्रवेश के लिए चयन परीक्षा आयोजित की गई। इसमें विद्यार्थियों में उत्साह देखने को मिला।

रविवार को आयोजित इस परीक्षा में सुबह से ही परीक्षार्थियों और अभिभावकों की चहल-पहल देखने को मिली। विद्यार्थियों ने अनुशासन और उत्साह के साथ परीक्षा में सहभागिता की।

जिला स्तरीय उत्कृष्ट विद्यालय एवं मॉडल स्कूलों में शैक्षणिक सत्र 2026-27 में प्रवेश हेतु यह परीक्षा आयोजित की गई थी। परीक्षा के लिए जिलेभर से विद्यार्थियों ने ऑनलाइन आवेदन किए थे। बोर्ड द्वारा पूर्व में ही प्रवेश पत्र जारी कर दिए गए थे, जिससे परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सकी।

2027 पंजीकृत, 1853 विद्यार्थियों ने दी परीक्षा-
परीक्षा के संकलन केंद्र प्रभारी राजू सातपुते ने बताया कि जिले में कुल 9 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा आयोजित की गई। इनमें 2027 परीक्षार्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 1853 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 174 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे।

देवास शहर में उत्कृष्ट विद्यालय, नारायण विद्या मंदिर हायर सेकेंडरी स्कूल क्रमांक-1, महारानी चिमनाबाई कन्या उमावि तथा महारानी राधाबाई कन्या उमावि में परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। वहीं टोंकखुर्द, सोनकच्छ, कन्नौद, खातेगांव और बागली के उत्कृष्ट विद्यालयों में भी परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई।

व्यवस्थित रही परीक्षा, हर स्तर पर सतर्कता-
परीक्षा केंद्रों पर शिक्षा विभाग द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई थीं। परीक्षार्थियों को क्रमबद्ध तरीके से लाइन में लगाकर परीक्षा केंद्र में प्रवेश दिया गया। केंद्रों पर तैनात शिक्षकों द्वारा प्रवेश पत्रों की बारीकी से जांच की गई। परीक्षा के दौरान अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने पर विशेष ध्यान दिया गया। सुबह से ही परीक्षा केंद्रों पर विभागीय अधिकारी एवं शिक्षक मुस्तैद रहे, जिससे किसी भी परीक्षार्थी को असुविधा का सामना नहीं करना पड़ा।

मेधावी विद्यार्थियों के लिए महत्वपूर्ण अवसर-
जिला स्तरीय उत्कृष्ट विद्यालय एवं मॉडल स्कूलों में प्रवेश पाने की यह परीक्षा जिले के मेधावी विद्यार्थियों के लिए एक महत्वपूर्ण अवसर मानी जा रही है।

Back to top button