इंदौर-बैतूल हाईवे पर भीषण हादसा: ट्रेलर-बस की टक्कर, तीन यात्रियों की दर्दनाक मौत

सुंद्रेल/बिजवाड़ (दिनेशचंद्र पंचोली)। इंदौर-बैतूल राष्ट्रीय राजमार्ग पर एक बार फिर भीषण दुर्घटना हुई। बिजवाड़ के पास बीजेश्वर वेयरहाउस के सामने तेज रफ्तार ट्रेलर और यात्री बस की जोरदार भिड़ंत ने तीन जिंदगियां छीन लीं।
गत रात्रि राष्ट्रीय राजमार्ग इंदौर-बैतूल पर बिजवाड़ क्षेत्र में बीजेश्वर वेयरहाउस के सामने एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। इंदौर से लोहा भरकर आ रहा ट्रेलर नागपुर से इंदौर जा रही यात्री बस से टकरा गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस में सवार यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर ही गंभीर स्थिति बन गई।
इस दुर्घटना में संजू पिता सुकंदक (58) निवासी चिचोली, जिला बैतूल, राधिका पति संजू (55) निवासी चिचोली, बैतूल एवं सीमाबाई पति लकी (28) निवासी बैतूल की उपचार के दौरान मौत हो गई।
बिजवाड़ पुलिस सहायता केंद्र प्रभारी अजय सिंह डोड ने बताया कि हादसे के बाद घायल दोनों महिलाओं को तत्काल कन्नौद अस्पताल रैफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। पीएम के बाद दोनों के शव परिजनों को सौंप दिए गए। वहीं गंभीर रूप से घायल संजू को इंदौर रैफर किया गया था, जहां उनकी भी मौत हो गई। संजू का शव भी पोस्टमार्टम के उपरांत परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने ट्रेलर चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
बदहाल हाईवे बना “डेंजर ज़ोन”-
स्थानीय लोगों का कहना है कि इस राष्ट्रीय राजमार्ग पर बिजवाड़, कलवार से लेकर चापड़ा तक सड़क की हालत बेहद जर्जर हो चुकी है। जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे, उड़ती हुई धूल के गुबार हादसों को न्योता दे रहे हैं। चापड़ा से कलवार तक का पूरा मार्ग अब लोगों के लिए डेंजर ज़ोन बन चुका है, जहां से गुजरने में वाहन चालकों को डर लगता है। ग्रामीणों और राहगीरों का आरोप है कि सड़क की खराब हालत के बावजूद कोई ठोस सुधार कार्य नहीं किया जा रहा।




