चाइनीज डोर बेचने वाला गिरफ्तार, 7 गट्टे चाइनीज मांझा जब्त

देवास। मकर संक्रांति के उल्लासपूर्ण पर्व पर घातक चाइनीज मांझे के खिलाफ देवास पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। प्रतिबंध के बावजूद चोरी-छिपे इस घातक डोर की बिक्री करने वालों पर पुलिस लगातार शिकंजा कस रही है। थाना कोतवाली पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर 7 गट्टे चाइनीज मांझा जब्त किया है।
पुलिस अधीक्षक देवास पुनीत गेहलोद के निर्देश पर संक्रांति पर्व के मद्देनज़र प्रतिबंधित चाइनीज मांझा के विक्रय, भंडारण और उपयोग में संलिप्त लोगों के खिलाफ सख्त अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर) जयवीर सिंह भदौरिया के मार्गदर्शन और नगर पुलिस अधीक्षक सुमित अग्रवाल के निर्देशन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक श्यामचंद्र शर्मा के नेतृत्व में बड़ी कार्रवाई की गई।
विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिलने पर थाना कोतवाली क्षेत्र के बालाजी नगर में दबिश दी गई, जहां से पीयूष राव मराठा (21 वर्ष) निवासी बालाजी नगर, देवास को प्रतिबंधित 7 चाइनीज मांझे के गट्टों के साथ पकड़ा गया। आरोपी के विरुद्ध थाना कोतवाली में धारा 223 बीएनएस के तहत अपराध पंजीबद्ध कर उसे गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की विवेचना जारी है।
क्यों खतरनाक है चाइनीज मांझा?
चाइनीज मांझा में धातु कण मिले होते हैं, जो पतंगबाजी के दौरान गंभीर चोट, गला कटने, बिजली के करंट, पक्षियों व पशुओं की मौत जैसे हादसों का कारण बनते हैं। हर साल यह “कातिल डोर” कई परिवारों की खुशियां छीन लेती है।
दुकानदारों की यह जिम्मेदारी बनती है कि वे लालच में आकर इस घातक डोर को न बेचें। जो व्यक्ति इस कातिल मांझे का व्यापार करता है, वह सीधे तौर पर समाज और मानवता का दुश्मन है। दुकानदार स्वयं जिम्मेदारी दिखाएं और चाइनीज मांझा न बेचें।
सराहनीय भूमिका-
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक श्यामचंद्र शर्मा, उनि सचिन सोनगरा, प्रआर रवि, आर नवीन देथलिया, अभिषेक सिंह पंवार एवं मनीष सिंह राठौर की सराहनीय भूमिका रही।
देवास पुलिस का स्पष्ट संदेश है चाइनीज मांझा पूरी तरह प्रतिबंधित है। जो भी इसका विक्रय या भंडारण करेगा, उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। पर्व की खुशियों को मातम में बदलने वाली इस डोर से दूरी ही समझदारी और जिम्मेदारी है।




