दिन में तेज धूप से बढ़ी गर्मी, दोपहर में आवाजाही प्रभावित

सिरोल्या (अमर चौधरी)। होली के बाद से क्षेत्र में मौसम का मिजाज तेजी से बदलने लगा है। दिन में तेज धूप और तपिश के कारण गर्मी का असर बढ़ता जा रहा है।
शुक्रवार को क्षेत्र का अधिकतम तापमान करीब 37 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जिससे दोपहर के समय सड़कों पर लोगों की आवाजाही में कमी देखी गई। तेज धूप के कारण लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।
दोपहर के समय देवास-सिरोल्या मुख्य मार्ग पर सामान्य दिनों की तुलना में काफी कम गतिविधि दिखाई दे रही है। जहां सुबह और शाम के समय लोगों की आवाजाही बनी रहती है, वहीं दोपहर के समय सड़कें अपेक्षाकृत सुनसान नजर आ रही है। तेज धूप के कारण राहगीर और वाहन चालक भी छांव में रुककर आराम करते दिखाई देते हैं।
गर्मी से बचाव के लिए अपनाए जा रहे उपाय-
तेज धूप और बढ़ती गर्मी से बचने के लिए ग्रामीण विभिन्न उपाय कर रहे हैं। घर से बाहर निकलते समय लोग मुंह पर रूमाल, गमछा या कपड़ा बांधकर निकल रहे हैं, वहीं कई लोग हाथों में ग्लब्स पहनकर भी धूप से बचाव कर रहे हैं। दोपहिया वाहन चालकों में विशेष रूप से चेहरे को ढककर चलने का चलन बढ़ गया है।
ठंडे पेय की दुकानों पर बढ़ी रौनक-
गर्मी बढ़ने के साथ ही बाजार में ठंडे पेय पदार्थों की मांग भी बढ़ने लगी है। क्षेत्र की दुकानों पर निंबू शरबत, गन्ने का जूस और बर्फ के गोले की दुकानों पर लोगों की भीड़ दिखाई दे रही है। राहगीर और ग्रामीण गर्मी से राहत पाने के लिए इन ठंडे पेयों का आनंद ले रहे हैं।
दुकानदारों का कहना है कि जैसे-जैसे तापमान बढ़ेगा, वैसे-वैसे ठंडे पेय पदार्थों की बिक्री भी बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में तापमान में और वृद्धि हो सकती है, जिससे गर्मी का असर और बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।




