नेशनल लोक अदालत में देवास नगर निगम की बड़ी उपलब्धि, राजस्व वसूली में मिला प्रथम स्थान

देवास। आज आयोजित नेशनल लोक अदालत में देवास नगर निगम ने राजस्व वसूली के क्षेत्र में उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की। लगभग तीन लाख की आबादी वाले नगर निगमों में देवास नगर निगम रात्रि 8 बजे तक की वसूली के आधार पर प्रदेश में प्रथम स्थान पर रहा।
नगर निगम के राजस्व विभाग ने आयुक्त दलीप कुमार के नेतृत्व में विशेष अभियान चलाकर संपत्ति कर और जलकर की बकाया राशि की प्रभावी वसूली की। रात्रि 8 बजे तक नगर निगम द्वारा संपत्ति कर से 3 करोड़ 20 लाख रुपए तथा जलकर से 1 करोड़ 61 लाख रुपए की वसूली की गई। इसके अलावा अन्य कर मदों में भी 9 लाख 11 हजार रुपए की राशि जमा कराई गई।
नेशनल लोक अदालत के माध्यम से करदाताओं को नियमानुसार छूट का लाभ भी दिया गया, जिसके कारण बड़ी संख्या में नागरिकों ने अपने बकाया कर जमा कराए। नगर निगम द्वारा नागरिकों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए विशेष व्यवस्था की गई है। निगम कार्यालय में काउंटर रात्रि 10 बजे तक खुले रहेंगे, जबकि नागरिक रात्रि 12 बजे तक ऑनलाइन माध्यम से भी अपने करों का भुगतान कर सकेंगे।
नगर निगम प्रशासन का कहना है कि इस तरह के विशेष अभियानों से जहां एक ओर नगर निगम की आय में वृद्धि होती है, वहीं दूसरी ओर शहर के विकास कार्यों को गति देने में भी मदद मिलती है।
इस उपलब्धि पर महापौर गीता दुर्गेश अग्रवाल, निगम सभापति रवि जैन, आयुक्त दलीप कुमार तथा निगम राजस्व समिति अध्यक्ष जितेंद्र मकवाना ने राजस्व विभाग की पूरी टीम को बधाई देते हुए कहा कि टीमवर्क और मेहनत के कारण यह सफलता संभव हो पाई है। उन्होंने नागरिकों का भी आभार व्यक्त किया, जिन्होंने लोक अदालत का लाभ उठाकर अपने बकाया करों का भुगतान किया।




