प्रशासनिक

जिले में चल रहे विकास कार्यों को गुणवत्‍तापूर्ण एवं समय-सीमा में पूर्ण करें- प्रभारी मंत्री देवड़ा

Share

 

आवेदन कागज का टुकड़ा नहीं, आवेदक की पीड़ा है, प्रत्येक समस्या का निराकरण करें- प्रभारी मंत्री

प्रदेश के उप मुख्‍यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री देवड़ा की अध्यक्षता में जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक आयोजित

देवास। जिले में चल रहे सभी विकास कार्य गुणवत्तापूर्ण एवं निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किए जाएं तथा नागरिकों की हर छोटी-बड़ी समस्या का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए। उप मुख्यमंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री जगदीश देवड़ा ने जिला विकास सलाहकार समिति की बैठक में अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि आवेदन कागज का टुकड़ा नहीं, बल्कि आवेदक की पीड़ा है, इसलिए हर आवेदन को गंभीरता से लेते हुए संतोषजनक निराकरण किया जाए। उन्होंने योजनाओं का शत-प्रतिशत लाभ पात्र नागरिकों तक पहुंचाने, अधिकारियों को मैदानी निरीक्षण बढ़ाने और विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

प्रभारी मंत्री देवड़ा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी और मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्‍व में देश और प्रदेश विकास के पथ पर अग्रसर हो रहे हैं। जिले के नागरिकों की हर छोटी-बड़ी समस्याओं का समाधान करना हमारा कर्त्तव्य है। हम, सभी नागरिकों की अपेक्षा पर खरे उतरे यह हमारा प्रयत्‍न होना चाहिए। अधिकारी जिले के नागरिकों की समस्याओं को सुने और उसका निराकरण करें। जिले के शतप्रतिशत पात्र नागरिकों को योजनाओं का लाभ दिलाने के लक्ष्‍य को लेकर कार्य करें। आपके पास जो भी आवेदन आते है, उनका संतुष्टिपूर्वक निराकरण करना सुनिश्चित करें। आवेदन कागज का टुकड़ा नहीं, आवेदक की पीड़ा है, इसलिए प्र‍त्‍येक आवेदन को गंभीरता से लेकर समस्या का निराकरण करना सुनिश्चित करें।

बैठक में प्रभारी मंत्री श्री देवड़ा ने जिले में चल रहे विकास कार्यो को गुणवत्‍तापूर्ण एवं समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिये। पीएमजीएसवाय की समीक्षा कर जीएम पीएमजीएसवाय को निर्देश दिये कि पीएमजीएसवाय के तहत बनाए जा रहे मार्गों का कार्य गुणवत्‍तापूर्ण करें। गुणवत्‍तापूर्ण मार्ग निर्माण नहीं करने वाले ठेकेदार को ब्‍लैक लिस्‍टेड करें। उन्होंने जीएम पीएमजीएसवाय को मौके पर जाकर निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए।

प्रभारी मंत्री श्री देवड़ा ने हाटपीपल्या माइक्रो सूक्ष्म उद्यम सिंचाई परियोजना को शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिये। बिजली विभाग की समीक्षा के दौरान उन्‍होंने निर्देश दिये कि कुछ व्यक्तियों द्वारा बिल नहीं जमा करने पर एमपीईबी पूरे गांव की लाइट नहीं काटे।

प्रभारी मंत्री श्री देवड़ा ने जिले में किए गए नवाचारों देवास जॉब पोर्टल, किलकारी अभियान, बाल वाटिका और ऑपरेशन त्रिनेत्रम की प्रशंसा करते हुए कहा कि जिले में अच्‍छे नवाचार किए जा रहे हैं। जिले के नवाचार अन्‍य जिलों के लिए भी प्रेरणादायी बनेंगे।

बैठक में कलेक्‍टर ऋतुराज सिंह ने जिले में दो वर्ष किये गये विकास कार्यों एवं आगामी समय में जिले में किये जाने वाले विकास कार्यों की जानकारी दी। कलेक्‍टर श्री सिंह ने बताया कि देवास जॉब पोर्टल के माध्यम जिले के युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले को कुपोषण मुक्‍त बनाने के लिए किलकारी अभियान चलाया जा रहा है। जिले की 422 ग्राम पंचायत में बाल वाटिका बनाई गई। बाल वाटिका के लिए जिले का स्कॉच अवार्ड के लिए चयन हुआ है। आने वाले समय में दिल्ली में अवॉर्ड मिलेगा। आपराधिक घटनाओं को रोकने और कम करने के लिए जिले में ऑपरेशन त्रिनेत्रम चलाया जा रहा है। नागरिक स्‍वयं के व्‍यय पर घरों में सीसीटीवी कैमरे लगा रहे हैं। स्‍वच्‍छता में 3 लाख की आबादी में नगर निगम देवास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया है। जिले में एक बगिया मां के नाम के तहत अच्छा कार्य किया जा रहा है।

बैठक में विधायक गायत्री राजे पवार, मनोज चौधरी, आशीष शर्मा, मुरली भंवरा, जिला पंचायत अध्‍यक्ष लीला अटारिया, महापौर गीता अग्रवाल, जिला अध्‍यक्ष रायसिंह सेंधव, नगर निगम सभापति रवि जैन, देवास सांसद प्रतिनिधि शंभु अग्रवाल, खंडवा सासंद प्रतिनिधि जयप्रकाश शर्मा, दुर्गेश अग्रवाल, पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोद आदि उपस्थित थे।

Back to top button