नागर ब्राह्मण समाज ने धूमधाम से मनाया इष्टदेव भगवान हाटकेश्वर का प्रकटोत्सव

देवास। नागर ब्राह्मण समाज, देवास द्वारा अपने इष्टदेव भगवान हाटकेश्वर का प्रकटोत्सव स्थानीय हाटकेश्वर देवालय पर अत्यंत श्रद्धा, भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया गया।
पं. राहुल नागर के आचार्यत्व में संजय पौराणिक एवं अजय पौराणिक ने सपत्नीक भगवान हाटकेश्वर का विधि-विधानपूर्वक पूजन एवं अभिषेक कर पुण्य लाभ अर्जित किया।
भजन-पूजन एवं अभिषेक के पश्चात फाग उत्सव के अवसर पर आयोजित संगीत प्रतियोगिता के परिणाम घोषित कर विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।
बालक वर्ग में सौम्या नितिन नागर ने प्रथम, इनाक्ष राजेन्द्र पौराणिक ने द्वितीय तथा जियांश राजकुमार नागर ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वयस्क वर्ग में जितेंद्र शुक्ल प्रथम, अभिषेक नागर द्वितीय एवं शोभा नागर तृतीय स्थान पर रहीं। प्रीति त्रिवेदी, शर्मिला शुक्ल, सुश्री आरती जोशी एवं मधुसूदन नागर को सांत्वना पुरस्कार प्रदान किया गया।

इस अवसर पर अपने जीवन उपरांत चिकित्सा एवं शोध हेतु देहदान के प्रेरणादायी संकल्प के लिए मीना नागर का शाखा अध्यक्ष द्वारा जय हाटकेश के दुपट्टे, मोतियों की माला एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मान किया गया। समाज में उत्कृष्ट सेवाओं के लिए पुरुषोत्तम व्यास एवं सुनील मेहता का सम्मान शाखा संरक्षक महेंद्र नागर एवं विधि सलाहकार सुधीर नागर द्वारा किया गया। साथ ही समाज के सदस्य विकास नागर का जन्मदिन मनाया गया।

आयोजन का संचालन महासचिव नितिन नागर ने किया। आभार प्रदर्शन कोषाध्यक्ष जितेंद्र शुक्ल ने व्यक्त किया। कार्यक्रम को सफल बनाने में सांस्कृतिक समिति की सदस्य साक्षी मेहता एवं योषिता पौराणिक का विशेष सहयोग रहा।
ज्ञातव्य है कि शाखा अध्यक्ष राजेन्द्र कुमार पौराणिक के नेतृत्व में इस वर्ष समाज के प्रत्येक परिवार से व्यक्तिगत संपर्क कर आयोजन को उत्सव के रूप में मनाने का आग्रह किया गया था। इस प्रयास में दिनेशचंद्र नागर, संदीप भारती, महेंद्र नागर, मधुसूदन नागर, जितेंद्र शुक्ल एवं नितिन नागर का विशेष सहयोग रहा।




